मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का अलर्ट किया जारी

इसके आज यानी 19 अगस्त की शाम के आसपास बालासोर और सागर द्वीप समूह के बीच पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट को पार करने का पूर्वानुमान है

By Dayanidhi

On: Friday 19 August 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की उत्तर-पूर्वी खाड़ी और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश के तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर एक डिप्रेशन या अवसाद में बदल गया है।

आज यानी 19 अगस्त को 05:30 बजे के दौरान इसके उत्तर-पश्चिम और आसपास के उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर लगभग 310 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में बने रहने का अनुमान है।

यह बालासोर (ओडिशा), दीघा (पश्चिम बंगाल) से 250 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व और सागर द्वीप समूह से 210 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में है।

मौसम विभाग ने इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 06 घंटों के दौरान एक गहरे अवसाद में बदलने के आसार जताए हैं। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि इसके एक ही दिशा में आगे बढ़ना जारी रहेगा।

Source: IMD

इसके आज 19 अगस्त की शाम के आसपास बालासोर और सागर द्वीप समूह के बीच पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट को पार करने का पूर्वानुमान है।

इसके टकराने (लैंडफॉल) के बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ता रहेगा और धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा।

वहीं एक अन्य कम दबाव क्षेत्र दक्षिण पूर्व पाकिस्तान पर बना हुआ है और इसे जुड़ा चक्रवाती प्रसार इसके निकटवर्ती इलाकों में जारी है। यह समुद्र तल से औसतन 7.6 किमी तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते 19 और 20 अगस्त के दौरान ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई हैं। 

वहीं 20 और 21 अगस्त को विदर्भ, 19 से 21 अगस्त के दौरान छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश और 20 से 22 अगस्त के दौरान पश्चिम मध्य प्रदेश में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं।

आज 19 अगस्त को मौसम विभाग ने उत्तरी ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने तथा 20 अगस्त को उत्तर छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश और 21 अगस्त को पश्चिम मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया है।

चक्रवात के चलते आज पश्चिम बंगाल और ओडिशा तटों के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

वहीं आज दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

आज दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों और इससे सटे पश्चिम मध्य अरब सागर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम अरब सागर, सोमालिया तट के साथ-साथ, पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों, मन्नार की खाड़ी के ऊपर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की गति तक चलने का पूर्वानुमान है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Subscribe to our daily hindi newsletter