बिपरजॉय चक्रवात अपडेट: गुजरात, महाराष्ट्र अलर्ट के लिए मौसम विभाग का अलर्ट जारी, पाकिस्तान पर पड़ेगा भारी असर

चक्रवाती तूफान के 15 जून की दोपहर के आसपास गुजरात के मांडवी, सौराष्ट्र और कच्छ के समुद्र तट और पाकिस्तान के कराची के निकटवर्ती तटों को पार करने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Sunday 11 June 2023
 

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व-मध्य अरब सागर में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' पिछले छह घंटों के दौरान नौ किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर, उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, अब यह एक अत्यंत प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदल गया है।

आज, 11 जून, 2023 को भारतीय समयानुसार 05:30 बजे यह इसी इलाके में केंद्रित रहा। प्रचंड चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' मुंबई से लगभग 580 किमी पश्चिम, दक्षिण पश्चिम में, पोरबंदर से 480 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम में, द्वारका से 530 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम में, नलिया से 610 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम में और पाकिस्तान के कराची से 780 किमी दक्षिण में बना हुआ है।

इसके 14 जून की सुबह तक लगभग उत्तर की ओर बढ़ने के आसार हैं, फिर उत्तर, उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने और 15 जून की दोपहर के आसपास गुजरात के मांडवी, सौराष्ट्र और कच्छ के समुद्र तट और पाकिस्तान के कराची के निकटवर्ती तटों को पार करने की आशंका जताई गई है।

इस दौरान गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में हवा की रफ्तार लगातार 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

तूफान को देखते हुए मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूर्व मध्य और आसपास के पश्चिम मध्य और पूर्वोत्तर अरब सागर में 160 से 170 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 190 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

इन्हीं इलाकों में आज रात से 155 से 165 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की आशंका है।  

आज सौराष्ट्र और कच्छ के तटों के पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज केरल-कर्नाटक के तटों, लक्षद्वीप और आसपास के कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण और आसपास के पूर्व मध्य और बंगाल की पश्चिम मध्य खाड़ी और अंडमान सागर में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।

आज मन्नार की खाड़ी और आसपास के कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण तमिलनाडु के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में बदलने की आशंका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को मछली पकड़ने के कार्यों को निम्नलिखित इलाकों में पूरी तरह बंद करने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि, 15 जून तक पूर्व मध्य और उससे सटे पश्चिम मध्य अरब सागर में जाने से परहेज करें।

वहीं 12 से 15 जून के दौरान उत्तर और निकटवर्ती मध्य अरब सागर, 11 से 15 जून के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ तटों के में न जाने की सख्त चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने उन सभी लोगों को तट पर लौटने की सलाह दी है जो अभी भी उपरोक्त समुद्री इलाकों में हैं।

वहीं दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश और इससे सटे इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। हालांकि, चक्रवाती प्रसार दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और इसके निकटवर्ती इलाकों में जारी है और यह समुद्र तल से औसतन 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान केरल और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। वहीं 11 जून को लक्षद्वीप और 12 से 15 जून के दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी जमकर बरसेंगे बादल।

Subscribe to our daily hindi newsletter