प्रचंड चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' के अगले 24 घंटों में तेज होगी रफ्तार, समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

एहतियात के तौर पर वलसाड के तिथल समुद्र तट को 14 जून तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है

By Dayanidhi

On: Saturday 10 June 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पूर्वी अरब सागर में बना प्रचंड चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' पिछले छह घंटे के दौरान नौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ लगभग उत्तर की ओर बढ़ रहा है।

यह आज 10 जून, 2023 को यह इसी क्षेत्र में केंद्रित रहा। यह गोवा से लगभग 700 किमी पश्चिम में, मुंबई से 630 किमी पश्चिम, दक्षिण पश्चिम में, पोरबंदर से 620 किमी दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम में तथा कराची 930 किमी दक्षिण में है।

चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' की रफ्तार में और इजाफा होकर इसके अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे उत्तर, पूर्वोत्तर की ओर बढ़ने के बहुत अधिक आसार हैं। फिर इसके अगले तीन दिनों के दौरान धीरे-धीरे उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।

वहीं आज बंगाल की पूर्वोत्तर खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है जो दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश, उत्तरी म्यांमार के तटों के आस-पास के क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

तूफान को देखते हुए मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पश्चिम मध्य अरब सागर के पूर्व-मध्य और आसपास के क्षेत्रों में 130 से 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 155 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर अरब सागर के आसपास के इलाकों में हवाओं के 70 से 80 किमी प्रति घंटे की गति से लेकर 90 किमी प्रति घंटे की गति तक चलने का अनुमान है।

वहीं आज उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

आज सौराष्ट्र और कच्छ के तटों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को जून की 13 जून तक पूर्व-मध्य और आसपास के पश्चिम-मध्य और दक्षिण अरब सागर में और 12 से 14 जून के दौरान उत्तर और मध्य अरब सागर से सटे इलाकों में मछली पकड़ने के कार्यों को पूरी तरह से बंद करने की सलाह दी है।

चक्रवात 'बिपरजॉय' के चलते, अरब सागर तट पर वलसाड में तिथल समुद्र तट पर ऊंची लहरें देखी जा रही हैं। एहतियात के तौर पर तिथल समुद्र तट को 14 जून तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।

वहीं मौसम विभाग ने मछुआरों को 13 जून तक मध्य अरब सागर और 12 से 14 जून तक उत्तरी अरब सागर के आस-पास के इलाकों में जाने से परहेज करने को कहा है। 10 से 15 जून के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ तटों से दूर रहे मछुवारे।
साथ ही मौसम विभाग ने उन सभी लोगों को तट पर लौटने की सलाह दी है जो अभी भी उपरोक्त समुद्री इलाकों में हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि, समुद्र की सतह का तापमान लगभग 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो पूर्व मध्य और बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर और म्यांमार तट के साथ जुड़ा हुआ है। यह बताते चलें कि समुद्र का बढ़ता तापमान चक्रवातों के लिए ऊर्जा का काम करता है।  

Subscribe to our daily hindi newsletter