अगले 12 घंटों में उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बने दबाव के 'गहरे दबाव' में तब्दील होने के आसार हैं

अगले 24 घंटों के दौरान इसके अच्छी तरह से निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 02 August 2023
 
स्रोत: आईएमडी

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों पर एक गहरा दबाव बन गया है। तटीय बांग्लादेश और इससे सटे इलाकों पर बना एक गहरा दबाव पिछले छह घंटों के दौरान 31 किमी प्रति घंटे की गति के साथ पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है। आज यानी दो अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार 05:30 बजे यह पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों पर केंद्रित था।

यह पश्चिम बंगाल के बांकुरा के करीब है, जो कोलकाता से लगभग 130 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम और रांची से 190 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में है। इसके पूरे झारखंड में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदलने तथा उसके बाद 24 घंटों के दौरान एक अच्छी तरह से निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।

वहीं,समुद्र तल पर मॉनसून ट्रफ का पश्चिमी छोर हिमालय की तलहटी के करीब आगे बढ़ रहा है, पूर्वी छोर अब गोरखपुर, गया, देवगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों पर बने गहरे दबाव के केंद्र से होकर गुजर रहा है। यह वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी तक जा रही है। मॉनसून ट्रफ का पूर्वी छोर छह अगस्त तक उत्तर की ओर हिमालय की तलहटी की ओर बदलने का अनुमान है।

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए ओडिशा में अभी तक भारी बारिश दर्ज की गई, आज भी यहां भयंकर बारिश होने की आशंका जताई गई है, यानी यहां आज 204.5 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने के आसार हैं। वहीं पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों पर भी कम दबाव का असर दिख सकता है, यानी यहां भी  भारी बारिश हो सकती है।

तूफानी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज, दक्षिण-पश्चिम, मध्य और उत्तरी अरब सागर, गुजरात और महाराष्ट्र के तटों तथा कोमोरिन क्षेत्र में 45 से 55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक की गति से तूफानी हवाओं के चलने का पूर्वानुमान है।

वहीं आज, उत्तर, मध्य और आसपास के दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा मछुआरों को मौसम विभाग ने यह भी सलाह दी है कि वे दो अगस्त की दोपहर तक उत्तर और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तटों पर जाने से बचे।

Subscribe to our daily hindi newsletter