नवंबर में भी नहीं दिखेगा ठंड का असर, सामान्य से अधिक रहेगा तापमान: मौसम विभाग

मौसम विभाग ने मासिक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अल नीनो के कारण इस साल अक्टूबर में पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश कम हुई

By Dayanidhi

On: Tuesday 31 October 2023
 

आज, 31 अक्टूबर को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा वर्चुअल कांफ्रेंस कर आने वाले महीनों में कैसा रहेगा मौसम इसकी जानकारी दी गई। मौसम विभाग के महानिदेशक, डॉ मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि नवंबर के दौरान, देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तापमान कैसा रहेगा।

अल नीनो के कारण इस साल अक्टूबर में पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश कम हुई, वहीं पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी भारत में बारिश में कमी देखी गई। भारी बारिश का दौर भी कम देखने को मिला।

उन्होंने बताया कि, 15 से 17 अक्टूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ था, जिसके कारण उत्तर भारत के ऊंचे हिस्सों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी।

वहीं अक्टूबर में दो चक्रवाती तूफान 'तेज' और 'हामून' बने, हामून का मिजोरम को छोड़कर देश के अधिकतर हिस्सों पर बहुत अधिक असर नहीं पड़ा। मिजोरम में भारी बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि, अक्टूबर में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।

कैसा रहेगा नवंबर में मौसम का मिजाज?
डॉ महापात्र ने बताया की नवंबर के पहले हफ्ते में अच्छी पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से नवंबर के पहले हफ्ते में पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, यानी, भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में नवंबर के महीने में बारिश के सामान्य होने की संभावना है। यह लंबी अवधि के औसत (एलपीए) के 77 से 123 फीसदी तक हो सकती है।

वहीं, 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर नवंबर के दौरान भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में बारिश का एलपीए लगभग 118.69 मिमी है। नवंबर 2023 के दौरान पूरे देश में मासिक बारिश भी सामान्य एलपीए का 77-123 फीसदी होने की संभावना है। जबकि या 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर नवंबर महीने के दौरान देश भर में बारिश का एलपीए लगभग 29.7 मिमी है।

नवंबर 2023 में देश भर में स्थानीय वितरण से पता चलता है कि भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ क्षेत्रों, उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों, पूर्व-मध्य, पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। देश के शेष भागों में सामान्य से कम वर्षा होने के आसार हैं।

कैसा रहेगा तापमान
नवंबर 2023 के दौरान, उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिकतम तापमान रहने का अनुमान है। देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने के आसार हैं। इसी प्रकार, देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान के भी सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है।

कैसी रहेगी प्रशांत और हिंद महासागर में एसएसटी की स्थिति?
वर्तमान में, समुद्र की सतह का तापमान (एसएसटी) और भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के ऊपर की वायुमंडलीय स्थितियां मध्यम अल नीनो स्थितियों की ओर इशारा कर रही हैं। एमएमसीएफएस और अन्य वैश्विक मॉडलों के नवीनतम पूर्वानुमानों से पता चलता है कि ये अल नीनो स्थितियों के आगामी सीजन के दौरान जारी रहने का अनुमान है।

प्रशांत क्षेत्र में ईएनएसओ स्थितियों के अलावा, हिंद महासागर सागर के सतह तापमान (एसएसटी) जैसे अन्य कारक भी भारतीय जलवायु को प्रभावित करते हैं।

वर्तमान में, भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर सकारात्मक हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) स्थितियां प्रचलित हैं। नवीनतम एमएमसीएफएस पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि आगामी महीनों के दौरान सकारात्मक आईओडी की स्थिति के कमजोर होने का अनुमान है।

Subscribe to our daily hindi newsletter