मौसम अपडेट: उत्तर भारत में धुंध व शीतलहर ने बढ़ाई ठंड, दक्षिण में पड़ेंगी बौछारें

दक्षिण तटीय तमिलनाडु तथा पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Wednesday 21 December 2022
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स, अपरा सिंह

उत्तर भारत में भीषण सर्दी ने दस्तक दे दी है, पहाड़ी राज्यों में अब हाड़ कपाने वाली ठंड पड़ रही है। सुबह के समय पड़ने वाला पाला आग में घी का काम कर रहा है। हिमाचल तथा जम्मू और कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी होने से इनसे सटे राज्यों में इसका असर दिखाई दे रहा है।

मौसम विभाग की माने तो आज यानी 21 दिसंबर से अगले कुछ दिनों तक पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है।

देश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट जारी है, इनमें कल उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस, काफी नीचे दर्ज किया गया।

वहीं उत्तर के राज्यों की बात करें तो कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कई हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। ओडिशा के कुछ हिस्सों और रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान को देखें तो कल हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ में अधिकतम तापमान सामान्य -5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहा। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कई राज्यों में भी सुबह के समय कोहरे के कारण खराब दृश्यता का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक आज और अगले पांच दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में और उत्तर-पश्चिम राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भी लोगों के घने कोहरे से रूबरू होने का पूर्वानुमान है।

आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली
आज दक्षिण तटीय तमिलनाडु तथा पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी, दक्षिण तमिलनाडु-श्रीलंका के तटों और मन्नार की खाड़ी तथा कोमोरिन के इलाके में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 20 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 20 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान नन्कोव्री में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली शीतलहर
कल, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर महसूस की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में बुलसर (गुजरात) में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter