राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश-ओलावृष्टि, तापमान गिरेगा

पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण, छत्तीसगढ़ तथा तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में 30से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने तथा बिजली गिरने के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Tuesday 07 March 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ मध्य पछुआ हवाओं में एक टर्फ के रूप में लगातार बना हुआ है। इसकी वजह से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और इससे सटे इलाकों के निचले स्तरों पर लगातार हवाएं चल रही हैं। वहीं दक्षिण कोंकण से मध्य छत्तीसगढ़ के निचले स्तरों पर हवाओं का एक ट्रफ जारी है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए सात और आठ मार्च को मध्य भारत में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है। वहीं सात से नौ मार्च के दौरान महाराष्ट्र में और सात मार्च यानी आज राजस्थान और गुजरात में गरज के साथ बादलों के बरसने का पूर्वानुमान है

आज सात मार्च को पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम राजस्थान, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है। वहीं आठ और नौ मार्च को झारखंड में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

आज पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण के अलग-अलग हिस्सों, छत्तीसगढ़ तथा तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने तथा बिजली गिरने के आसार हैं।

सात से 10 मार्च के दौरान ओडिशा में और नौ और 10 मार्च को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। आज यानी सात मार्च को अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी असम और नागालैंड में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

कैसा रहेगा तापमान, कहां-कहां होगा उतार चढ़ाव?
अगले दो दिनों के दौरान महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Source : IMD

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, छह मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़े।

कहां हुई आंधी के साथ ओलावृष्टि?
कल, छह मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में आंधी चली। आज भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि के जारी रहने के आसार हैं।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, मुंबई-सांताक्रूज (कोंकण) में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में सीकर (पूर्वी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter