उत्तर भारत के कई इलाको में बढ़ी ठिठुरन, इन हिस्सों में भारी वर्षा के आसार

आज दक्षिण महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत इन राज्यों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 03 November 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में ठंड का असर दिखने लगा है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की ऊंचे पहाड़ियों में बर्फबारी जारी है जिसका असर मैदानी इलाकों में महसूस किया जा रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर प्रदेश में जाड़ा बढ़ने लगा है। देश के कई इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।

देश के कुछ इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। इन हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। बीते कल पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर, सौराष्ट्र और कच्छ और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे रहा।

वहीं बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर और हिमाचल प्रदेश, गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कल पूर्वी राजस्थान और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में मंडला (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कल रत्नागिरी (कोंकण और गोवा) में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आज 03 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं। वहीं तेलंगाना, रायलसीमा, ओडिशा और लक्षद्वीप के अलग-अलग जगहों में भी जमकर बरसेंगे बादल।

03 से 07 नवंबर के दौरान दक्षिण महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे, लक्षद्वीप और कर्नाटक में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।  

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तरों तक फैला हुआ है। यह समुद्र तल से औसतन 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है।

एक चक्रवाती प्रसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे उत्तर पश्चिमी राजस्थान, पंजाब के इलाकों में बना हुआ है। यह अब उत्तर पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे इलाकों तक फैल गया है, यह समुद्र तल से औसत 1.5 किमी तक फैला हुआ है।

आज कहां गिरेगी बिजली, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज दक्षिण कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे और लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

Source: IMD

आईएमडी की मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के साथ-साथ तमिलनाडु और केरल तटों तथा दक्षिण पूर्व अरब सागर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक की गति में तब्दील होने के आसार हैं। मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 02 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, ओडिशा, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई या गरज के साथ छींटे पड़े।

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल, 02 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान कोझिकोड, कार निकोबार और नरसापुर प्रत्येक जगह 3 सेमी, काकीनाडा और बदरवाह प्रत्येक जगह 2 सेमी, हनमकोंडा और मदुरै प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 02 नवंबर को 8:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा के साथ छींटे पड़े, आज 5:30 बजे के दौरान मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter