देश के इन हिस्सों में शीतलहर, यहां होगी ओलावृष्टि और ओडिशा समेत इन राज्यों में भारी बारिश

11 से 13 जनवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा या बर्फबारी होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Tuesday 11 January 2022
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती प्रसार के रूप में उत्तर पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू और कश्मीर के निचले और मध्य ट्रोपास्फेरिक स्तरों में लगातार बना हुआ है।  

पश्चिमी विक्षोभ के चलते चक्रवाती प्रसार अब उत्तरी हरियाणा और इससे सटे निचले ट्रोपास्फेरिक स्तरों में बन गया है। इस चक्रवाती प्रसार से एक ट्रफ रेखा निचले ट्रोपास्फेरिक स्तर पर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश तक जाती है। वहीं एक और ट्रफ रेखा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से निचले ट्रोपास्फेरिक स्तर पर उत्तरी मध्य महाराष्ट्र तक जाती है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि के चलते मौसम विभाग ने कहा है कि आज 11 जनवरी को ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होने के आसार हैं। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 11 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है और बाद के 3 से 4 दिनों तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

आज छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरनेओलावृष्टि और गरज के बौछारें पड़ने की आशंका जताई गई है। वहीं विदर्भ, असम, मेघालय और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि 11 से 14 जनवरी के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम और ओडिशा में हल्की से भारी बारिश होने के आसार हैं। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा के जारी रहने और उसके बाद कम होने की संभावना है।

11 से 13 जनवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा या बर्फबारी होने का अनुमान है और 12 और 13 जनवरी को असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में वर्षा हो सकती है।

आज कहां चलेगी शीतलहर
वहीं आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर चलने की आशंका व्यक्त की गई है।

आज कहां छाएगा कोहरा
आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाने के आसार हैं, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज बंगाल की खाड़ी के दक्षिण मध्य भागों और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने के आसार हैं। मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

आज सुबह कहां छाया कोहरा
आज सुबह 5:30 के दौरान पंजाब के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, उत्तर पश्चिमी राजस्थान, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा देखा गया।

कहां हुई विजिबिलिटी 500 मीटर या उससे कम
आज सुबह 05:30 बजे के दौरान अमृतसर, चंडीगढ़, हिसार, चुरू और पूर्णिया प्रत्येक जगह दृश्यता 25 मीटर रही, पटियाला, अंबाला, देहरादून, पालम (दिल्ली), गुना, इलाहाबाद और भागलपुर प्रत्येक जगह दृश्यता 50 मीटर रही, लखनऊ, सुल्तानपुर और जगदलपुर प्रत्येक जगह दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

Source : IMD

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम
कल गुजरात के कई हिस्सों पर, हिमाचल प्रदेश और कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे दर्ज किया गया। वहीं कल पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कल देश के मैदानी इलाकों में सीकर और भीलवाड़ा (पूर्वी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम
कल पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में, पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहा।

वहीं कल कोंकण और गोवा और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में, गुजरात के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और ओडिशा के कुछ हिस्सों में, पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कल, पुनालुर (केरल) में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 10 जनवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान उत्तराखंड के कई हिस्सों में, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर और हिमाचल प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल 10 जनवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान कल्पा, मुक्तेश्वर कुमाऊं और चंद्रपुर प्रत्येक 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter