हिमाचल प्रदेश और पंजाब समेत इन राज्यों में शीतलहर का कहर, निकोबार में बारिश

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है

By Dayanidhi

On: Friday 16 December 2022
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

हिमालयी राज्यों के ऊंचे पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते, इनसे सटे मैदानी इलाकों के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का कहर जारी रहेगा

वहीं मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

मध्य भारत की बात करें तो अगले पांच दिनों के दौरान यहां के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान लगाया गया है। जबकि पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों के दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

न्यूनतम तापमान में कल आई गिरावट को देखें तो उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों तथा बिहार के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में कल अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।  

दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आज निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज मध्य अरब सागर के ऊपर दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

वहीं आज बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 15 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में सोलापुर (मध्य महाराष्ट्र) में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter