उत्तर पश्चिम भारत में सर्द हवाएं बढ़ाएंगी ठिठुरन, पूर्वोत्तर में बारिश-बर्फबारी जारी

आज अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है

By Dayanidhi

On: Friday 09 February 2024
 

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में मौसम के शुष्क बने रहने तथा धूप खिलने का पूर्वानुमान है। वहीं उत्तराखंड के ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और सर्द हवाओं के कारण पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप अभी भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान में वृद्धि और न्यूनतम तापमान का गिरना जारी रह सकता है।

वहीं कल, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लोगों को शीतलहर के सितम का सामना करना पड़ा

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं, जसके कारण इन हिस्सों में ठिठुरन बढ़ सकती है।

कहां होगी बारिश और बर्फबारी?
आज, यानी नौ फरवरी को अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं मौसम संबंधी इस गतिविधि के 11 और 12 फरवरी को भी जारी रहने के आसार हैं। इन राज्यों में 15.6 मिमी से 64.4 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग की मानें तो, देश के मध्य भागों पर एक चक्रवाती प्रसार जारी है जिसके कारण 10 से 14 फरवरी के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में, 10 और 11 फरवरी को मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, यानी इन सभी राज्यों में 0.1 मिमी से 15.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

वहीं, नौ से 11 फरवरी के दौरान मराठवाड़ा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड तथा 12 से 14 फरवरी के दौरान पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है। इन राज्यों में भी 0.1 मिमी से 15.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

आज, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं आज और कल तमिलनाडु में, 10 और 11 फरवरी को तेलंगाना और 14 फरवरी को केरल में भी बरसेंगे बादल, इन सभी राज्यों में 0.1 मिमी से 15.5 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

Soaurce : IMD

तापमान में उतार चढ़ाव
तापमान में उतार चढ़ाव की बात करें तो, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पारा फिर से लुढ़क गया है। कल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ तथा उत्तराखंड के मैदानी इलाकों, उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान चार से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं, दिल्ली, राजस्थान के शेष हिस्सों, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान आठ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया जो इन इलाकों में सामान्य से नीचे है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, हालांकि उसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, ऐसा मौसम विभाग का कहना है।

वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों के पूर्वी राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल, देश भर में रायलसीमा के कुरनूल में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां छाया कोहरा?
कल, तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा देखा गया। इन हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता कम रही जिसकी वजह से लोगों को यातायात संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। कल, तटीय आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दृश्यता 50 मीटर रही तथा बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter