दिल्ली-एनसीआर समेत इन राज्यों में छाई घने कोहरे की चादर, जानें देश के अन्य हिस्सों का हाल

कल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली तथा पश्चिम उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा

By Dayanidhi

On: Wednesday 27 December 2023
 
फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स, सुमिता रॉय दत्ता

आज, 27 दिसंबर को सुबह-सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों, पंजाब के अधिकतर इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बहुत कम हो गई है जिसके कारण लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घने कोहरे के कारण दिल्ली हवाईअड्डे पर हवाई सेवाएं प्रभावित हुई है। कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली हवाईअड्डे पर अंतरराष्ट्रीय सहित 35 से अधिक उड़ानें विलंबित हुई हैं।

वहीं आज, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में घना कोहरा तथा उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भी बहुत घना कोहरा कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी कोहरे से निजात मिलने के आसार नहीं हैं। 28 से 31 दिसंबर के दौरान पंजाब के कई हिस्सों में सुबह के शुरुआती घंटों में घने से बहुत घना कोहरे के जारी रहने के आसार हैं। आज और कल हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी घने से बहुत घना कोहरे छाए रहने की आशंका जताई गई है।

30 और 31 दिसंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और 28 से 31 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है।

वहीं कल, असम के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा।

कोहरे के कारण, पंजाब के अमृतसर हवाई अड्डे में दृश्यता शून्य रहीं, पटियाला में दृश्यता 25 मीटर, जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में दृश्यता 25 मीटर, उत्तर प्रदेश के बरेली में दृश्यता 25 मीटर, लखनऊ में दृश्यता 25 मीटर, प्रयागराज में दृश्यता 25 मीटर और वाराणसी में 50 मीटर, झांसी में दृश्यता 200 मीटर, राजस्थान के गंगानगर में 50 मीटर, कोटा में दृश्यता 500 मीटर रही।

वहीं, दिल्ली के सफदरजंग में दृश्यता 50 मीटर, दिल्ली के पालम में दृश्यता 125 मीटर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दृश्यता 200 मीटर, बिहार के पटना और गया प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर, झारखंड के जमशेदपुर में दृश्यता 500 मीटर, ओडिशा के झारसुगुड़ा में दृश्यता 500 मीटर, पारादीप में दृश्यता 500 मीटर तथा आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में भी दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मौसम संबंधी पूर्वानुमान देखें तो, 30 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव करने का अनुमान है। वहीं, इसके प्रभाव और निचले स्तर की पूर्वी हवाओं के मिलने के कारण, 30 दिसंबर से दो जनवरी, 2024 के दौरान उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन हिस्सों में 5.6 मिमी से 64.4 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, कोमोरिन के इलाकों और निकटवर्ती मालदीव क्षेत्र, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्सों में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Source : IMD

कहां हुआ तापमान में उतार-चढ़ाव?
देश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखें तो कल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली तथा पश्चिम उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, पारे में गिरावट के चलते इन हिस्सों में ठंड अपने चरम पर है, कुछ हिस्सों में शीतलहर महसूस की जा रही है।

वहीं राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ तथा झारखंड में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

वहीं कल, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, गुजरात और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर बना रहा।

वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो कल, बिहार के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। कल, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों,पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस यानी काफी ऊपर रहा।

कल, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, कोंकण और गोवा तथा अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं कल, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा,चंडीगढ़ और दिल्ली तथा विदर्भ के कुछ हिस्सों, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा, जबकि कल, देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में अलवर (पूर्वी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, होनावर (तटीय कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 26 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

Subscribe to our daily hindi newsletter