उत्तर-पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में घना कोहरा, वाराणसी में दृश्यता शून्य, दक्षिण में भारी बारिश

नौ दिसंबर को पंजाब और हरियाणा तथा चंडीगढ़ में, नौ और 10 दिसंबर को असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

By Dayanidhi

On: Friday 08 December 2023
 

मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा और इसके निकटवर्ती इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती प्रसार के रूप में जारी है। अब यह समुद्र तल से 1.5 किमी से 3.1 किमी के बीच फैला हुआ है, जिसकी धुरी समुद्र स्तर से औसतन 5.8 किमी ऊपर बनी हुई है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से भारतीय प्रायद्वीप के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी हिमालयी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो, 11 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जो उत्तर पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव करेगा।

वहीं, उत्तर भारत में सर्दियों की शुरुआत तो चुकी है लेकिन न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। इसी कारण सुबह और शाम के समय ही लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है। दोपहर में धूप खिलने से मौसम सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग के द्वारा अब उत्तर भारत में ठंड के बढ़ने की बात कही जा रही है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत में सर्दी का सितम बढ़ जाएगा। अब दिल्ली और आसपास के हिस्सों में भी पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है।

आज, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़, असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस साल का सबसे घना कोहरा देखा गया जिसकी वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दृश्यता शून्य रही।

वहीं आने वाले दिनों में कोहरा छाने की बात करें तो, नौ दिसंबर को पंजाब और हरियाणा तथा चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में और नौ और 10 दिसंबर को असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व अरब सागर और निचले स्तरों पर जारी है। इसके कारण आज आठ दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है। इन हिस्सों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
आज, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात के आसार हैं। वहीं आज, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और निकटवर्ती लक्षद्वीप क्षेत्र में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 55 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Source : IMD

कहां हुआ तापमान में उतार-चढ़ाव?
देश में पारे में उतार-चढ़ाव के संबंध में मौसम विभाग का पूर्वानुमान देखें तो, बिहार, झारखंड के अधिकांश हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय के कई हिस्सों, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।

वहीं, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और गुजरात के अधिकांश हिस्सों, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और पश्चिम मध्य प्रदेश के कई हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।

केरल और माहे, राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, उत्तराखंड के कई हिस्सों, पंजाब के कुछ हिस्सों, पश्चिम उत्तर प्रदेश, तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।

वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।

जबकि, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5 डिग्री सेल्सियस यहां उससे नीचे दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा और विदर्भ के कई इलाकों, झारखंड के कुछ हिस्सों, बिहार और तटीय आंध्र प्रदेश तथा यनम के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5 डिग्री सेल्सियस यानी काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है।

वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल,अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, केरल और माहे के कई हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चुरू (पश्चिमी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल पुनालुर (केरल) में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, सात दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के अधिकांश हिस्सों, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तथा छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में झूम कर बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, ओडिशा, असम और मेघालय तथा पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, विदर्भ, तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, सात दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के चम्फाई और उत्तरी त्रिपुरा प्रत्येक जगह 6 सेमी , ख्वाज़ॉल और लेंगपुई प्रत्येक जगह 5 सेमी, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के कृष्णानगर में 5 सेमी, कोलकाता और उलुबेरिया और बांकुरा प्रत्येक जगह 3 सेमी, ओडिशा के सुंदरगढ़ में 5 सेमी, केरल के पथानामथिट्टा में 5 सेमी तथा इडुक्की में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter