फरवरी का पहला पश्चिमी विक्षोभ, इन इलाकों में बारिश-बर्फबारी व ओलावृष्टि के आसार

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है

By Dayanidhi

On: Tuesday 01 February 2022
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 02 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होकर उत्तर पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित करने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 03 फरवरी को पश्चिम राजस्थान और इससे सटे इलाकों में एक चक्रवाती प्रसार की आशंका है।

इसके अलावा, 02 और 03 फरवरी को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से निचले और मध्य ट्रोपास्फेरिक स्तर पर उत्तर-पश्चिम भारत में भी बहुत नमी की आपूर्ति हो सकती है। 03 और 04 फरवरी को निचले ट्रोपास्फेरिक स्तर पर बंगाल की खाड़ी से पूर्व और आसपास के उत्तर-पूर्वी भारत में अधिक नमी के आने का अनुमान है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि 02 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं 03 और 04 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

वहीं मौसम विभाग ने कहा कि 02 से 04 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। जम्मू और हिमाचल प्रदेश में 02 और 03 फरवरी को तथा 03 और 04 फरवरी को उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि होने के आसार हैं।

आज कहां छाएगा घना कोहरा
आज यानि 01 फरवरी को उत्तर प्रदेश और बिहार के तराई इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं। अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अलग-अलग हिस्सों में और अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा में और 03 फरवरी को ओडिशा में घना कोहरा छाया रहेगा।

कहां पड़ेगी कड़ाके की ठंड
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है।

आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें और कहां गिरेगी बिजली
आज अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।

03 और 04 फरवरी को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा ओडिशा में गरज के साथ छींटे पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका है। वहीं 04 फरवरी को झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि होने की आशंका व्यक्त की गई है। 04 फरवरी को बिहार और पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश होने के आसार हैं।

Source : IMD

कहां होगा तापमान में बदलाव
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई अधिक बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।

अगले 3 दिनों के दौरान मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने का अनुमान है।

अगले 3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

अगले 2 दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में शाम और सुबह के घंटों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter