पूर्वोत्तर में कोहरा व बारिश, उत्तराखंड में पाला, देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड के मैदानी इलाकों, उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान चार से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से काफी नीचे है।

By Dayanidhi

On: Thursday 08 February 2024
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

देश के तमाम हिस्सों, खासकर उत्तर भारत में तापमान में उतार चढ़ाव संबंधी पूर्वानुमान देखें तो, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड के मैदानी इलाकों, उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान चार से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से काफी नीचे है।

वहीं, दिल्ली के कई हिस्सों, राजस्थान के बाकी हिस्सों, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान आठ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा जो इन जगहों के लिए सामान्य के करीब है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान लगाया गया है और उसके बाद कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश भर में रायलसीमा के कुरनूल में सबसे अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गिरते तापमान की वजह से उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में पाला पड़ने की आशंका जताई गई है। जबकि कल, हिमाचल प्रदेश और दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में सर्दी का सितम रहा। वहीं कल, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को भीषण शीतलहर का प्रकोप झेलना पड़ा

कहां होगी बारिश और बर्फबारी?
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ रेखा निचले स्तरों पर जारी है, जिसकी वजह से आज यानी, आठ फरवरी को अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों में 0.1 मिमी से 15.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

वहीं भारतीय प्रायद्वीप में हवाओं का एक ट्रफ जारी है, इसके कारण नौ से 12 फरवरी के दौरान भारत के उत्तरी प्रायद्वीप और मध्य भारत के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, यानी यहां 0.1 मिमी से 15.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान है।

आज, आठ फरवरी को सिंधु और गंगा के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं। जिसके कारण इन हिस्सों में सर्दी का प्रकोप रह सकता है।

Source : IMD

कहा छाएगा कोहरा?
देश के कुछ हिस्सों में कोहरे का कहर जारी है, इनमें उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। वहीं आने वाले दो दिनों तक असम और मेघालय तथा मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छा सकता है। जबकि, नौ और 10 फरवरी को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी रहेगा कोहरे का कहर।

वहीं कल, तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को घने से बहुत घने कोहरे का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से कल, तटीय आंध्र प्रदेश के कोडवीडु में दृश्यता 25 मीटर और विजयवाड़ा में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, सात फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश
कल, सात फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter