महाराष्ट्र के इन हिस्सों में चलेगी लू, पश्चिमी हिमालयी इलाकों में तेज हवाओं के साथ पड़ेगी बौछारें

अगले 4 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

By Dayanidhi

On: Thursday 05 May 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक 05 मई यानी आज उत्तर मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में लू या हीट वेव चलने के आसार हैं। 05 से 08 मई के दौरान विदर्भ, 06 से 08 मई के दौरान पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश में और 07 और 08 मई को दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तथा पूर्वी राजस्थान में चलेगी लू।

मौसम विभाग ने बताया कि पूर्व-पश्चिम हवाओं के चलने और पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

वहीं मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं।

06 से 08 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान और उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

पंजाब से मणिपुर तक निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तरों पर पूर्व-पश्चिम हवाओं के चलते अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, साथ ही यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक की गति से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

अगले 3 से 4 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे इलाकों में हवाओं का एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इसके प्रभाव में 06 मई के आसपास उसी क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और बाद के 48 घंटों के दौरान धीरे-धीरे एक डिप्रेशन में बदलने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए 05 और 08 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा होने साथ ही 06 और 07 मई को अंडमान द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।  

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
05 और 06 मई को दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार मैं तब्दील होने की आशंका है।

वहीं 07 मई को अंडमान सागर और इससे सटे दक्षिण पूर्व और बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल अहमदनगर (मध्य महाराष्ट्र) में अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल देश के मैदानी इलाकों में रांची (झारखंड) में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 04 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश इलाकों, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कई इलाकों, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों और हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल पश्चिम उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, केरल और माहे और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितनी बारिश दर्ज की गई
कल 04 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के बटोटे और गुलमर्ग प्रत्येक जगह 2 सेमी, पंजाब के पटियाला में 4 सेमी, रायलसीमा के तिरुपति में 4 सेमी, पूर्वी मध्य प्रदेश के सीधी में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश के रेंटाचिंतला में 2 सेमी और केरल के पुनालुर में 4 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी
कल 04 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, छत्तीसगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, असम और मेघालय, त्रिपुरा, झारखंड, कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु और केरल के अलग-अलग हिस्सों में आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter