कोंकण में हीटवेव, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वज्रपात-बौछारें व पूर्वोत्तर में ओले गिरने की आशंका

अगले 24 घंटों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है

By Dayanidhi

On: Tuesday 14 March 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स, अनुज कुमार प्रधान

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती प्रसार दक्षिण असम और इससे सटे इलाकों के निचले स्तरों पर जारी है। इसके कारण आज यानी 14 मार्च को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा पूर्वोत्तर भारत में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिशओलावृष्टि तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है।

वहीं पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी स्तरों में पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में सक्रिय है। इसके कारण उत्पन्न होने वाला चक्रवाती प्रसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और इससे सटे इलाकों के निचले स्तरों में बना हुआ है। इसके चलते 14 और 15 मार्च, 2023 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बिजली गिरने तथा गरज के साथ कुछ हिस्सों में बौछारें पड़ने का अनुमान है।

आज हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ तथा कोंकण और गोवा में गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

कैसा रहेगा तापमान और कहां-कहां होगा उतार चढ़ाव?
तापमान में बदलाव की बात करें तो अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, उसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने का अनुमान है।

वहीं अगले चार से पांच दिनों के दौरान पश्चिम भारत के गुजरात में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

अगले 24 घंटों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

वहीं अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने कहा कि देश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Source : IMD

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, राजगढ़ (पश्चिम मध्य प्रदेश) में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में मलंजखंड (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां चली लू?
कल भी कोंकण के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को लू से दो चार होना पड़ा।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 13 मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कहां चली आंधी, कहां हुई ओलावृष्टि ?
कल, 13 मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई। आज भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि के जारी रहने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter