अरुणाचल में भारी बारिश, उत्तराखंड में ओलावृष्टि, लेकिन कई राज्यों में लू का अलर्ट

पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बिजली गिरने का दौर जारी रहेगा

By Dayanidhi

On: Thursday 20 April 2023
 
फोटो साभार :सीएसई

गर्मी अपनी हदें पार करने को आतुर है, खासकर पूर्वी भारत के कुछ राज्य लू या हीटवेव की चपेट में हैं। वहीं देश के अन्य इलाकों में तापमान में उछाल देखें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों, गुजरात और महाराष्ट्र के आंतरिक हिस्सों, रायलसीमा तथा भारत के पूर्वी प्रायद्वीप के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस की छलांग मार रहा है।

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के तापमान की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 12 से 25 डिग्री सेल्सियस, पूर्वोत्तर भारत और भारतीय द्वीपों का अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस को छू रहा है, देश के इन हिस्सों को छोड़कर बाकी इलाकों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और भारतीय प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर है।

चढ़ते पारे ने देश के कुछ हिस्सों को गर्म हवाओं के आगोश में ले लिया है। इन हिस्सों में पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग इलाकों में पिछले नौ दिनों से लू का सितम जारी है। वहीं बिहार में पिछले छह दिनों से, ओडिशा में पिछले तीन दिनों से और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से लोग लू का प्रकोप झेल रहे हैं

वहीं देश के कुछ हिस्सों में गर्मी से राहत के भी संकेत है, मौसम विभाग की मानें तो आज यानी, 20 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

आज उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने के साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने के आसार हैं

वहीं आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ छीटें पड़ने तथा वज्रपात की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति के साथ हवाएं चलने, गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।

वहीं आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

वहीं मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बिजली गिरने का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया है।

आज कहां चलेगी लू?
आज बिहार और पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग हिस्सों में भीषण लू का सितम जारी रहेगा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भी लोगों को लू के थपेड़े झेलने पड़ेगे।
वहीं आज ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में भी लोगों को लू के प्रकोप से दो चार होने की आशंका है।

Source : IMD

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, प्रयागराज (पूर्वी उत्तर प्रदेश) और खजुराहो (पूर्वी मध्य प्रदेश) में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों, ऊना (हिमाचल प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां महसूस की गई लू?
कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के कई तटीय हिस्सों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में भीषण लू का कहर रहा। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और कोंकण के अलग-अलग इलाकों में भी लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा।

कहां हुई ओलावृष्टि?
कल, 19 अप्रैल को 8:30 से 5:30 के दौरान हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि हुई।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 19 अप्रैल को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, उत्तराखंड, पंजाब के कई इलाकों, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई पांच सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 19 अप्रैल को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर के काजी गुंड में 5 सेमी, गुलमर्ग और पहलगाम प्रत्येक जगह 3 सेमी, श्रीनगर और कोकरनाग प्रत्येक जगह 2 सेमी, हिमाचल प्रदेश के मनाली में 3 सेमी और कल्प में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, 19 अप्रैल को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों तथा उत्तर आंतरिक कर्नाटक और मणिपुर में आंधी चली। मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आज भी जारी रहने के आशंका जताई गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter