ओडिशा, बंगाल, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा में भारी बारिश, बाकी हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क

कल, सौराष्ट्र और कच्छ के वेरावल में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

By Dayanidhi

On: Thursday 16 November 2023
 

देश की राजधानी तथा एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है, हवाओं के रुक जाने से भी यह जस का तस बना हुआ है। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 यानी, खतरनाक स्तर को पार कर गया है। मौसम विभाग की मानें तो आज, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान के 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में धुंध ने धूप को अपने आगोश में ले लिया है, सुबह और शाम के समय यहां सर्दी महसूस की जाने लगी है।

वहीं उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखें तो, लखनऊ में धुंध और कोहरा छाने के आसार हैं। वहीं तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है। नोएडा की बात करें तो यहां भी कोहरे छाने तथा अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान के 13 डिग्री और रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

उत्तराखंड के तमाम हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है और ज्यादातर इलाकों में बीते कुछ समय से बादल नहीं बरसे हैं। इसके कारण नवंबर महीने में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। शुष्क मौसम के बीच तेज धूप की वजह से नवंबर के महीने में दिन के समय प्रदेश में ठंड के कम पड़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, कम दबाव और चक्रवाती प्रसार के कारण आज, 16 नवंबर को तटीय ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के आसार जताए गए है। इन राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
आज, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

Source : IMD

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे उत्तर-पश्चिम में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी, ओडिशा और उससे सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की तूफानी हवाएं चलने की आशंका है।

आज, तमिलनाडु, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी से सटे श्रीलंका के तटों पर 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां-कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र तथा विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां-कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, राजस्थान के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तटीय तमिलनाडु और तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों, चुरू (पश्चिमी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, वेरावल (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल,15 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान उत्तराखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश?
कल, 15 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।
कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 15 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान मोहम्मदाबाद में 9 सेमी, पेरुमकदाविला में 4 सेमी, गाजीपुर में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter