पछुआ हवाओं के कारण दक्षिण भारत में भारी बारिश, उत्तर के इन राज्यों में सर्दी की दस्तक

अगले पांच दिनों के दौरान केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल तथा लक्षद्वीप में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा वज्रपात के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Monday 30 October 2023
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप तक तेज पछुआ और उत्तर पछुआ हवाएं चल रही हैं। जिसके कारण आज 30 अक्टूबर को केरल और माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी तथा कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है। इन राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान है।

वहीं, 30 और 31 अक्टूबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

अगले पांच दिनों के दौरान केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल तथा लक्षद्वीप में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा वज्रपात के आसार हैं।

उपरोक्त हिस्सों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
आज, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका है

वहीं आज, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात होने के आसार हैं।

कैसा रहेगा उत्तर पश्चिम भारत में मौसम का हाल?
दिल्ली में आज सुबह हल्की धुंध दिखाई दी, जबकि दिन में आसमान के साफ रहने का अनुमान है। वहीं, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान लगाया है। बर्फबारी की वजह से तापमान में गिरावट तथा सर्दी का सितम बढ़ेगा। वहीं राजस्थान में मौसम साफ बना हुआ है और रात में तापमान का लगातार लुढ़कना जारी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है। हालांकि आने वाले दिन में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है।

वहीं, हरियाणा और पंजाब में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। रात के अलावा दोपहर में भी ठंड महसूस होने लगी है। बीते कल कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा।

Source : IMD

कहां-कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, विदर्भ के कई हिस्सों, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां-कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग तटीय इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में जलगांव (मध्य महाराष्ट्र) में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, सुरेंद्रनगर (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 29 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के कई हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 29 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के एर्नाकुलम में 4 सेमी और इडुक्की में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter