जम्मू-कश्मीर और हिमाचल समेत इन राज्यों में भारी बारिश-हिमपात तथा वज्रपात के आसार

आज और कल उत्तराखंड में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है

By Dayanidhi

On: Thursday 09 February 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ अब ईरान और इससे सटे मध्य स्तरों में एक चक्रवाती प्रसार के रूप में बना हुआ है। भारतीय इलाकों से 120 मील समुद्री जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज और कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और हिमपात होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई हैं। वहीं आज कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश तथा बर्फबारी होने के आसार हैं

नौ और 10 फरवरी, 2023 को उत्तराखंड में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बारिश और बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। इसी दौरान उत्तरी पंजाब में हल्की वर्षा होने का भी अनुमान लगाया गया है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट देखें तो कल तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

वहीं देश के अधिकतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया।

वहीं आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव की बात करें तो 10 फरवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद 13 फरवरी तक दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 11 फरवरी तक मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट का पूर्वानुमान लगाया है।
इसी दौरान गुजरात में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के मानें तो अगले चार से पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Source : IMD

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह के समय, ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा और बिहार, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा देखा गया।

कहां रही दृश्यता 200 मीटर या उससे कम?
आज सुबह-सुबह, ओडिशा के गोपालपुर में दृश्यता 50 मीटर, बिहार के पूर्णिया में में दृश्यता 200 मीटर, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के हल्दिया में दृश्यता 200 मीटर, सौराष्ट्र और कच्छ के नलिया में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, गुलबर्गा (उत्तरी आंतरिक कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश-बर्फबारी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, आठ फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय तथा अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

Subscribe to our daily hindi newsletter