कई शहरों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, हिमाचल में भी भीषण गर्मी के आसार

चक्रवाती तूफान के चलते 18 मार्च को दक्षिण अंडमान सागर के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Thursday 17 March 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर बना कम दबाव का क्षेत्र पूर्व, उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। यह आज 17 मार्च को 05:30 बजे के दौरान दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर बना हुआ था। इसके 19 मार्च की सुबह तक बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बने रहने का अनुमान है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में, 20 मार्च की सुबह तक मंद होने और 21 मार्च को इसके एक चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं। इसके बाद, इसके लगभग उत्तर की ओर बढ़ने और 22 मार्च की सुबह बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार तट के पास पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए बताया है कि 18 मार्च को दक्षिण अंडमान सागर के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं 19 मार्च को दक्षिण अंडमान सागर के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।

20 और 21 मार्च को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 17 और 18 मार्च को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के इलाकों में न जाएं। वहीं 19 से 21 मार्च के दौरान दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में और 19 से 22 मार्च के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ-साथ अंडमान सागर में भी जाने से बचने की सलाह दी गई है।

लू या हीट वेव की चेतावनी
आज यानी 17 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर लू या हीट वेव चलने के आसार हैं। वहीं पूर्वी राजस्थान, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, आंतरिक ओडिशा और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में लू या हीट वेव चलने की आशंका व्यक्त की गई है।

कल 18 मार्च को पश्चिम राजस्थान, आंतरिक ओडिशा और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में लू या हीट वेव चलने के आसार हैं।

कल कहां महसूस की गई लू या हीट वेव
कल जम्मू, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी महसूस की गई, गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में भी भीषण गर्मी के साथ कुछ इलाकों में लू या हीट वेव महसूस की गई।

कल हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर लू या हीट वेव चली और विदर्भ के कई हिस्सों, और पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तथा आंतरिक ओडिशा में लू या हीट वेव महसूस की गई।

Source : IMD

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली तथा राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।

कल असम और मेघालय, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ के कई हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों, विदर्भ के अलग-अलग इलाकों मैं भी अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा।

वहीं कल झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश हिस्सों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

कल बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और कोंकण और गोवा के कई इलाकों, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया। कल देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा।  

कल देश भर में बाड़मेर (पश्चिम राजस्थान) और अकोला (विदर्भ) में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक
कल हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।

वहीं कल पूर्वी राजस्थान, गुजरात के कई इलाकों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।

कल पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के कई इलाकों, पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, केरल और माहे के कुछ हिस्सों, बिहार, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय ओडिशा, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।  

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम
कल रायलसीमा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

कल देश के मैदानी इलाकों में मंडला (पूर्वी मध्य प्रदेश) और अमरावती (विदर्भ) में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 16 मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितनी बारिश दर्ज की गई
कल 16 मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान पुनालुर में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां हुई भारी बारिश
कल 16 मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा हुई।

Subscribe to our daily hindi newsletter