तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार, जानें पूरे देश के मौसम का हाल

आज तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक सहित इन राज्यों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

By Dayanidhi

On: Monday 08 November 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड काफी बढ़ गई है, जहां पारा नीचे गिरने लगा है। उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों की हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है। वहीं उत्तराखंड की पहाड़ियों में बर्फबारी उतनी नहीं देखी जा रही है। बर्फबारी के बढ़ने से उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों का तापमान तेजी से कम हो सकता है तथा सर्दी में बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में भी दिन के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी देखी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज 08 नवंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल छाए रहने का अनुमान हैं। जबकि, देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम संबंधी किसी भी गतिविधि के आसार कम हैं।

देश के इन हिस्सों में दिखने लगा है ठंड का असर, न्यूनतम तापमान सामान्य से रहा बहुत कम

कल देश में पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, बिहार, सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर, पूर्वी राजस्थान, असम और मेघालय के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

वहीं कल हरियाणा, चंडीगढ़ के कई जगहों पर दिल्ली, मध्य प्रदेश और विदर्भ में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। ओडिशा में कुछ स्थानों पर और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों  पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। कल देश के मैदानी इलाकों में पचमढ़ी (पश्चिम मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कल, डीसा (गुजरात क्षेत्र) में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग ने कहा है कि अरब सागर में बने डिप्रेशन का असर गुजरात, महाराष्ट्र के तटवर्ती हिस्सों में देखने को मिल सकता है। डिप्रेशन का असर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बादलों के रूप में भी देखा जा सकता है, लेकिन बारिश होने का अनुमान नहीं है। वहीं, उत्तर भारत में ऐसी कोई मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है।

08 नवंबर यानी आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और केरल और माहे में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।

दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर चक्रवाती प्रसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। यह दक्षिण अंडमान सागर से सटा हुआ है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव के चलते अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

बाद के 24 घंटों के दौरान इसके पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के आसार हैं और 11 नवंबर को इसके उत्तर तमिलनाडु के पास पहुंचने के आसार हैं। उपरोक्त मौसम संबंधी प्रणाली के चलते 10 से 11 नवंबर के दौरान उत्तर तटीय तमिलनाडु और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश  होने के आसार हैं वहीं  केरल और माहे और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आसार हैं।

आज कहां गिरेगी बिजली, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे में तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका है। वहीं आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में भी गरज के साथ बौछारें पड़ने, बिजली गिरने तथा तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 60 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 07 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और माहे में अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी। 

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल, 07 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी औरकराईकल के नुममंबक्कम में 6 सेमी, मीनमबक्कम में 3 सेमी, तिरुत्तानी, वेल्लोर प्रत्येक जगह 1 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में 4 सेमी, कावली में 3 सेमी, रायलसीमा के तिरुपति में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के नानकॉरी में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।  

कल कहां चली आंधी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 07 नवंबर को 8:30 के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में, यनम, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज हवा चली तथा गरज के साथ बौछारें पड़ी, इन जगहों पर, आज 5:30 बजे के दौरान मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter