फिर चढ़ा पारा, पश्चिम बंगाल-सिक्किम में लू, केरल में भारी बारिश, जानें अन्य हिस्सों का हाल

अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Saturday 03 June 2023
 

देश के अधिकतर हिस्सों में एक बार फिर से पारे में उछाल देखा जा रहा है। इसी क्रम में कल, पूर्वी भारत और आसपास के पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस को छू गया। हालांकि कल विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश और देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

वहीं पूर्वी बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस की छलांग लगा चुका है।

कल, भारतीय प्रायद्वीप के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। वहीं देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो तापमान सामान्य के करीब या उससे नीचे रहा।

तापमान में कहां-कहां होगा उतार चढ़ाव?
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस और अगले दो दिनों के दौरान मध्य भारत में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान लगाया है।

कहां चलेगी लू या हीटवेव?
तीन से छह जून के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में लू के प्रकोप के जारी रहने की आशंका जताई गई है। वहीं आज मध्य महाराष्ट्र में भीषण लू का कहर रहेगा, तीन और चार जून को विदर्भ में भी लोगों को लू से दो चार होना पड़ेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि, आर्द्र हवा और उच्च तापमान के कारण, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश में चार जून तक गर्म और बेचैनी के मौसम के रहने के आसार हैं।

कहां पहुंचा दक्षिण पश्चिम मॉनसून?
दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दक्षिण अरब सागर और मालदीव के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पूरे कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी में आगे बढ़ा है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों पर पछुआ हवाओं के गर्त में सक्रिय है, जिसकी धुरी समुद्र तल से औसतन 5.8 किमी ऊपर बनी हुई है।

वहीं पांच जून के आसपास दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान उसी इलाके में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए अगले पांच दिनों के दौरान केरल, लक्षद्वीप, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश तथा वज्रपात होने की आशंका जताई है। वहीं तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मौसम संबंधी उपरोक्त गतिविधि के जारी रहने के आसार हैं।

कहां होगी भारी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, तीन से पांच जून के दौरान केरल के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है

मौसम विभाग ने कहा है कि, उपरोक्त हिस्सों को छोड़कर अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Source :IMD

कहां रहा लू या हीटवेव का प्रकोप?
कल, पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में लू का प्रकोप रहा।

कहां पड़े ओले
कल, दो जून को 8:30 से 5:30 के दौरान उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि हुई

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, दो जून को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, दो जून को 8:30 से 5:30 के दौरान त्रिपुरा के कैलाशहर में 1 सेमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के सागर में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, दो जून को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, त्रिपुरा, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में आंधी चली। मौसम संबंधी इसी तरह की गतिविधि के आज भी जारी रहने के आसार हैं।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, संबलपुर (ओडिशा) में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों दिल्ली-रिज (दिल्ली) में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter