इन हिस्सों में और लुढ़केगा पारा, बढ़ेगी ठंड तथा निकोबार में जमकर बरसेंगे बादल

पंजाब में आज से तीन दिनों तक लगातार शीतलहर का प्रकोप रहेगा

By Dayanidhi

On: Thursday 15 December 2022
 

दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान का गिरना जारी है। ऊंचे पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के समय शीतलहर महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में आज से तीन दिनों तक लगातार शीतलहर का प्रकोप रहेगा

वहीं जम्मू और कश्मीर, लद्दाख के कई हिस्सों में कल न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे -3.0 डिग्री सेल्सियस यानी काफी नीचे दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में गिरावट देखें तो कल पश्चिमी मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस, नीचे रहा। वहीं अगले तीन से चार दिनों के दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

देश के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दिनों में हाड़ कपाने वाली ठंड पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि, उसके बाद कुछ दिनों तक तापमान में फिर से कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व मध्य और इससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक गहरा दबाव बन गया है। पूर्व मध्य और आस-पास के दक्षिण पूर्व अरब सागर पर बना डिप्रेशन या अवसाद पिछले 06 घंटों के दौरान 09 किमी प्रति घंटे की गति के साथ पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है, जो एक गहरे अवसाद में और तेज हो गया है।

आज सुबह भारतीय समय के अनुसार 05:30 बजे यह पश्चिम, उत्तर-पश्चिम में अमिनदिवी (लक्षद्वीप) से लगभग 580 किलोमीटर, पंजिम (गोवा) के पश्चिम-दक्षिण पश्चिम से 630 किमी तथा सलालाह (ओमान) के पूर्व-दक्षिण पूर्व से 1550 किमी दूर है। इसके भारतीय तट से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर पश्चिम,उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 48 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर पड़ने का अनुमान है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज यानी 15 दिसंबर को निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज दक्षिण और मध्य अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक चलने की आशंका है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह जम्मू और कश्मीर तथा बिहार के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा और असम के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय बनिहाल और पूर्णिया प्रत्येक जगह दृश्यता 200 मीटर तथा डिब्रूगढ़ में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, मुंबई (सांताक्रूज), (कोंकण और गोवा) में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 14 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों पर बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 14 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान नासिक सिटी में 5 सेमी, वालपराई में 4 सेमी, कोचीन और कन्याकुमारी हर जगह 2 सेमी और वेल्लोर में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी?
कल, 14 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरी तथा गरज के साथ बौछारों पड़ी और आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि की आशंका जताई गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter