अगले 48 घंटों में दक्षिणी प्रायद्वीप से शुरू होगी पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश, जानें पूरे देश के मौसम का हाल

आज, 20 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

By Dayanidhi

On: Friday 20 October 2023
 

मौसम विभाग के मुताबिक, भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में पूर्वी-उत्तर-पूर्वी हवाओं का चलना शुरू हो गया है, अगले 48 घंटों में दक्षिणी प्रायद्वीप के इलाकों में पूर्वोत्तर मॉनसूनी बारिश की गतिविधि के शुरू होने की संभावना है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी मॉनसून का शुरुआती चरण के कमजोर रहने की के आसार हैं।

चक्रवाती प्रसार और कम दबाव को देखते हुए मौसम विभाग ने आज, 20 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

कैसा रहेगा उत्तर पश्चिम भारत में मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक 20 और 21 अक्टूबर को उत्तराखंड में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। वहीं आसमान में कहीं कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कल रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान है, इसके उत्तर पश्चिम भारत के मौसम में हेर फेर करने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में भी सर्दी महसूस की जा रही है, सुबह के समय तेज हवाओं के साथ दिल्ली-एनसीआर का मौसम एक बार फिर बदल गया है।

वहीं, उत्तर प्रदेश में बीते दिनों गरज के साथ बारिश के बाद अब मौसम शुष्क बना हुआ है। अब राज्य में दिन में धूप का निकलना जारी है। वहीं अब धूप के तेवर में वो तल्खी महसूस नहीं हो रही है जो कुछ दिन पहले हो रही थी। राजधानी लखनऊ सहित अन्य इलाकों में मौसम के साफ रहने तथा दिन में धूप निकलने का अनुमान है।

वहीं मौसम विभाग ने मौसम के सामान्य तौर पर शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान लगाया है, शाम और सुबह के दौरान ठंड महसूस हो सकती है।

राजस्थान में भी ठंड महसूस की जा रही है, कुछ जगहों पर सुबह और शाम को शीतलहर भी चलने लगी है। राजस्थान में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव होने का अनुमान लगाया है।

राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दो से तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।

Source : IMD

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक की दर से तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं।

वहीं आज, दक्षिण और निकटवर्ती पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

उपरोक्त तूफानी हवाओं की गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 19 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के कई इलाकों, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल तथा लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 19 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल के पेरुमकादाविला में 4 सेमी, तिरुवनंतपुरम में 3 सेमी, मडिक्कई, अरलम, चलक्कुडी, उत्तरी परवूर, चेरुथोनी, परिप्पल्ली, पिरप्पनकोड और नेय्यत्तिनकारा प्रत्येक जगह 1 सेमी, तमिलनाडु के तिरुपतिसारम में 4 सेमी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के बेंगलुरु में 2 सेमी, नागालैंड के साक्षी में 2 सेमी, असम के हाजो में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, कुरनूल (रायलसीमा) में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में हिसार (हरियाणा) में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter