पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश-बर्फबारी, इन हिस्सों में गिरा पारा व चलेगी शीतलहर

अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है

By Dayanidhi

On: Friday 06 January 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम अफगानिस्तान और इससे सटे इलाकों के मध्य स्तरों में चक्रवाती प्रसार के रूप में सक्रिय हो गया है। इसके असर से सात से नौ जनवरी, 2023 के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग की मानें तो आज राजस्थान के कई इलाकों में भीषण शीतलहर का समाना करना पड़ेगा, वहीं जम्मू के अलग-अलग हिस्सों, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और दिल्ली तथा पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी लोगों को शीतलहर से दो चार होना पड़ेगा।

वहीं लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के कारण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हाड़ कपाने वाली ठंड पड़ने के आसार हैं। वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों, मध्य प्रदेश, बिहार और पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भी बढ़ेगी ठिठुरन। इन इलाकों में अगले दो दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

शीतलहर की मार झेल रहें राजस्थान के लोगों को सुबह-सुबह पाले से दो चार होना पड़ सकता है।

भारत में गंगा के मैदानी इलाकों के सतह के निकट हल्की हवाओं का चलना और अत्यधिक नमी के चलते अगले दो दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह-शाम बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

वहीं अगले दो दिनों के दौरान उत्तर मध्य प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और नागालैंड मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।

तापमान में गिरावट को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

देश के अलग-अलग राज्यों में न्यूनतम तापमान में गिरावट को देखें तो कल मध्य महाराष्ट्र और तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे रहा। वहीं विदर्भ के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों, झारखंड, रायलसीमा के कई इलाकों, कोंकण और गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3 डिग्री सेल्सियस, काफी नीचे दर्ज किया गया।

वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल पूर्वी राजस्थान, गुजरात, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे रहा। वहीं कल झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3 डिग्री सेल्सियस, नीचे दर्ज किया गया।

Source : IMD

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह-सुबह हरियाणा, उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों, पंजाब और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लोगों को बहुत घने कोहरे का सामना करना पड़ा। वहीं उत्तर मध्य प्रदेश और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा देखा गया। जम्मू के अलग-अलग इलाकों, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा।

कहां रही दृश्यता 200 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय जम्मू में दृश्यता 200 मीटर, पंजाब के बठिंडा में दृश्यता 0 मीटर, अमृतसर में दृश्यता 200 मीटर, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के चंडीगढ़ में दृश्यता 25 मीटर, हिसार में दृश्यता 25 मीटर, अंबाला में दृश्यता 50 मीटर, पालम में दृश्यता 200 मीटर, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर में दृश्यता 0 मीटर, चूरू और गंगानगर हर जगह दृश्यता 25 मीटर, पूर्वी राजस्थान के कोटा में दृश्यता 50 मीटर रही।

वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश के आगरा में दृश्यता 0 मीटर, झांसी में दृश्यता 50 मीटर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ में दृश्यता 50 मीटर, पश्चिमी मध्य प्रदेश के गुना में दृश्यता 50 मीटर, पूर्वी मध्य प्रदेश के सतना में दृश्यता 50 मीटर, सागर में दृश्यता 200 मीटर, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में दृश्यता 50 मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 50 मीटर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के सिलीगुड़ी में दृश्यता 100 मीटर तथा त्रिपुरा के अगरतला में दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू और सीकर (राजस्थान) में न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में कोट्टायम (केरल) अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, पांच जनवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कहां चली शीतलहर?
कल, पूर्वी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में लोगों को भीषण शीतलहर से जूझना पड़ा, वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली के कई हिस्सों और हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश तथा पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी लोगों को शीतलहर का समाना करना पड़ा।

कहां महसूस हुई भीषण ठंड?
कल, पंजाब, हरियाणा-दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भयंकर ठंड महसूस की गई, वहीं बिहार के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लोगों को ठंड से दो चार होना पड़ा।

Subscribe to our daily hindi newsletter