जेट स्ट्रीम के कारण इन हिस्सों में बारिश-हिमपात, गुजरात के भुज में तापमान 40 डिग्री पार

अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Friday 17 February 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स, नासा, जेट स्ट्रीम हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक भारतीय इलाकों में 130 मील की दर से तेज हवाएं (जेट स्ट्रीम) लगातार जारी रही हैं। जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण आज यानी 17 फरवरी, 2023 को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में बारिश और हिमपात होने के आसार जताए गए हैं

मौसम विभाग ने कल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के मौसम को प्रभावित करने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम के मिजाज में आए इस बदलाव के कारण कल यानी 18 फरवरी को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में बादलों के बरसने तथा बर्फबारी होने की आशंका है।

वहीं 19 से 21 फरवरी, 2023 के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।

20 और 21 फरवरी, को अरुणाचल प्रदेश और 20 फरवरी को असम और मेघालय तथा नागालैंड में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले पांच दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

कैसा रहेगा तापमान, कहां-कहां गर्मी ने दी दस्तक?
अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से पांच डिग्री सेल्सियस और उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है।

तापमान में कहां आई गिरावट?
देश में न्यूनतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल रायलसीमा के कई हिस्सों, विदर्भ और तेलंगाना के कुछ इलाकों, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वहीं कल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कई इलाकों, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

अधिकतम तापमान में गिरावट देखें तो कल तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Source : IMD

कहां छाएगा कोहरा?
अगले 24 घंटों के दौरान सुबह और शाम के समय तटीय ओडिशा, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह के समय, हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, वहीं पंजाब के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा और बिहार तथा त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
आज सुबह-सुबह, हरियाणा के हिसार में दृश्यता 25 मीटर, पंजाब के अमृतसर में दृश्यता 200 मीटर, दिल्ली के पालम और सफदरजंग प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 500 मीटर, त्रिपुरा के कैलाशहर में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में जलगांव (मध्य महाराष्ट्र) में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, भुज (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter