2023 के पहले तीन महीने में उत्तर पश्चिमी भारत में कम बारिश का अनुमान

दक्षिण प्रायद्वीप के दक्षिणी हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।

By Dayanidhi

On: Monday 02 January 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक सर्दियों के मौसम - जनवरी से मार्च 2023 के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत के सात मौसम संबंधी हिस्सों, जिनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख शामिल है, इनमें बारिश के सामान्य से कम होने का अनुमान है, जो कि लंबे समय की अवधि के औसत (एलपीए) का 86 फीसदी से कम है। इसे रबी की फसल के लिए अच्छा नहीं माना जा रहा है।

साल 2022 के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर 2022 को मौसम विज्ञान विभाग ने नए साल के पहले तीन महीने के मौसम का पूर्वानुमान लगाया है।

अकेले जनवरी 2023 की अगर बात करें तो इस महीने उत्तर पश्चिमी भारत में लंबे समय की अवधि के औसत (एलपीए) से 78 फीसदी कम बारिश का अनुमान है, जबकि पूरे देश में एलपीए से 82 फीसदी से कम बारिश हो सकती है। भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप के कई हिस्सों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में जहां सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया गया है

सर्दियों के मौसम (जनवरी से मार्च 2023) के लिए संभावित पूर्वानुमानों में सात मौसम संबंधी हिस्सों वाले उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश औसत रहेगी। वहीं जनवरी 2023 के दौरान मासिक वर्षा का संभावित पूर्वानुमान उत्तर पश्चिमी भारत में भी औसत रहेगा।

जनवरी 2023 के दौरान, मध्य भारत के कई हिस्सों और भारत के प्रायद्वीप, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के क्षेत्रों में मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का पूर्वानुमान है। वहीं दक्षिण प्रायद्वीप के दक्षिणी हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।

जनवरी 2023 में मासिक अधिकतम तापमान मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में सामान्य से कम रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों और उत्तर पश्चिम, पूर्व और पूर्व मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिक तापमान के सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

प्रशांत और हिंद महासागर में समुद्र की सतह का तापमान (एसएसटी) की स्थिति
वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में ला नीना की स्थिति बनी हुई है। नवीनतम एमएमसीएफएस पूर्वानुमान से पता चलता है कि ये ला नीना स्थितियां जनवरी से मार्च 2023 के सीजन के दौरान बने रहने और उसके बाद कमजोर पड़ने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में, तटस्थ आईओडी स्थितियां हिंद महासागर में जारी हैं और नवीनतम एमएमसीएफएस पूर्वानुमान से पता चलता है कि तटस्थ आईओडी स्थितियां पूरे पूर्वानुमान अवधि के दौरान जारी रहने की संभावना है।

Subscribe to our daily hindi newsletter