सौराष्ट्र-कच्छ और विदर्भ सहित देश के इन हिस्सों में पारा 39 डिग्री पार, हीटवेव का दौर जारी

अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Friday 10 March 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ मध्य पछुआ हवाओं में एक टर्फ के रूप में लगातार बना हुआ है। वहीं एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश और इसके निचले स्तरों पर बन गया है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने 10 और 11 मार्च के दौरान छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों और ओडिशा में गरज साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है

वहीं 10 से 13 मार्च, 2023 के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा अरुणाचल प्रदेश में वज्रपात होने तथा गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है

आज यानी 10 मार्च, 2023 को झारखंड के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान है।

कैसा रहेगा तापमान, कहां-कहां होगा उतार चढ़ाव और कहां चलेगी लू?
तापमान में बदलाव देखें तो अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

10 से 13 मार्च के दौरान पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।

अगले चार से पांच दिनों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे वृद्धि होने का अनुमान है।

मौसम विभाग की मानें तो देश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

आज 10 मार्च, 2023 को कोंकण और गोवा तथा तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों, 10 और 11 मार्च को सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग इलाकों में लू चलने के आसार हैं

Source : IMD

कैसा रहा तापमान, कहां-कहां हुआ उतार चढ़ाव और कहां चली लू?
अधिकतम तापमान की बात करें तो कल गोवा और तटीय कर्नाटक के कई हिस्सों, सौराष्ट्र और कच्छ तथा विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

वहीं कल विदर्भ और गुजरात के कई इलाकों, तमिलनाडु, केरल, कोंकण, सौराष्ट्र और कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ हिस्से में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल रायलसीमा और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस रहा।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल कोट्टायम (केरल और माहे) में अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में उदयपुर (पूर्वी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां चली हीटवेव या लू
कल, कोंकण और गोवा तथा तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में लोगों को लू का प्रकोप झेलना पड़ा।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, नौ मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, नौ मार्च को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा में एक सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, नौ मार्च को 8:30 से 5:30 के मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, गुजरात और पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में आंधी चली। आज भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि के जारी रहने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter