गुजरात, महाराष्ट्र-मराठवाड़ा में बौछारें, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चलेंगी तेज हवाएं

दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के अलग-अलग हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा वज्रपात होने के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Tuesday 11 April 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व से चलने वाली हवाएं उत्तर केरल से उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक निचले स्तरों पर बह रही हैं। वहीं निचले स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार पूर्वोत्तर अरब सागर और उससे सटे दक्षिण पाकिस्तान पर बना हुआ है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज 11 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई है।

वहीं मौसम विभाग ने 11 से 13 अप्रैल, 2023 के दौरान हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने के आसार जताए हैं।

पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव देखें तो अगले पांच दिनों के दौरान गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के अलग-अलग हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा वज्रपात होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक देश के बाकी हिस्सों के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

वहीं भारत के दक्षिण प्रायद्वीप, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

Source : IMD

कैसा रहेगा तापमान और कहां-कहां होगा उतार चढ़ाव?
अगले पांच दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान के धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की आशंका जताई है, हालांकि इस दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू या हीटवेव चलने की संभावना नहीं है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, राजगढ़ (पश्चिम मध्य प्रदेश) में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में पंतनगर (उत्तराखंड) में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 10 अप्रैल को 8:30 से 5:30 दौरान पश्चिम मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कहां हुई चार सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 10 अप्रैल को 8:30 से 5:30 दौरान ताडोंग में 4 सेमी, गंगटोक में 3 सेमी, कोचीन में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, 10 अप्रैल को 8:30 से 5:30 दौरान पश्चिम राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में आंधी चली। मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आज भी जारी रहने के आशंका जताई गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter