जानें, कैसा रहेगा देश के मौसम का हाल, कहां चली आंधी, कहां गिरे ओले

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश होने की आशंका है

By Dayanidhi

On: Friday 26 May 2023
 

मौसम विभाग के मुताबिक निचले स्तरों में एक चक्रवाती प्रसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब पर बना हुआ है। मौसम संबंधी इस गतिविधि के आज उत्तर पश्चिम भारत की और बढ़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत में नमी की आपूर्ति होगी। वहीं निचले स्तरों पर बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर भारत की ओर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज यानी 26 मई को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश होने की आशंका जताई है।

वहीं आज उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने तथा बिजली कड़कने की आशंका है।

कहां होगी भारी बारिश?
आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, मिजोरम तथा त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं

वहीं मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए देश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। इसी क्रम में आज उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

आज उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद , बिहार, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं।

वहीं आज मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, केरल और माहे, असम और मेघालय, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात होने की आशंका है।

कहां-कहां होगा तापमान में उतार चढ़ाव?
मौसम विभाग ने बताया कि, अगले पांच दिनों के दौरान देश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

वहीं नम हवा और उच्च तापमान के कारण, 26 मई को पश्चिम ओडिशा, छत्तीसगढ़ में गर्म और असहज करने वाला मौसम के बने रहने की आशंका है।

कहां पहुंचा दक्षिण पश्चिम मॉनसून?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर और आसपास के उत्तर-पश्चिम अरब सागर के साथ-साथ गुजरात तट पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने के आसार हैं। इसी तरह की गतिविधि के मन्नार की खाड़ी, दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु तटों और लक्षद्वीप में होने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए, मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, बांदा (पूर्वी उत्तर प्रदेश) में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में सिवनी (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां हुई ओलावृष्टि
कल, 25 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, पश्चिम राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि का प्रकोप रहा।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 25 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब के अधिकांश इलाकों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, झारखंड के कई हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल राजस्थान असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, छत्तीसगढ़, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई दो सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 25 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान गंगानगर और सुल्तानपुर प्रत्येक जगह 2 सेमी, बदरवाह, कल्पा, मंडी, सोलन, पंतनगर, गंगटोक, पुरी, तिरुपति, बैंगलोर और कोडाइकनाल प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां चली आंधी?
कल, 25 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में आंधी चली। मौसम संबंधी इसी तरह की गतिविधि के आज भी जारी रहने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter