उत्तर-पूर्वोत्तर के कुछ हिस्से घने कोहरे की आगोश में, पंजाब में शीतलहर का सितम जारी

अगले पांच दिनों के दौरान देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

By Dayanidhi

On: Wednesday 20 December 2023
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान पंजाब और हरियाणा में, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाने के आसार हैं।

आज, यानी 20 दिसंबर को सुबह के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा देखा गया।

वहीं कल पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा जिसके कारण पंजाब के अमृतसर, पटियाला हर जगह दृश्यता 500 मीटर रही, उत्तर प्रदेश के बरेली और लखनऊ में भी दृश्यता 500 मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर तथा त्रिपुरा के कैलाशहर में दृश्यता 500 मीटर रही।

देश के इन हिस्सों में तापमान तेजी से गिर रहा है जिसकी वजह से सर्दी का सितम बढ़ गया है। इन हिस्सों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश हिस्से, उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान चार से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। लुढ़कते तापमान के चलते आज, पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती प्रसार लक्षद्वीप और उसके आसपास सक्रिय है जो मध्य स्तरों तक फैला हुआ है। इसकी वजह से आज, 20 दिसंबर को लक्षद्वीप में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा वज्रपात की आशंका जताई गई है। यहां 15.6 मिमी से 64.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले पांच दिनों के दौरान देश के शेष हिस्सों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन के इलाकों में 40 से 45 किमी प्रति घंटे से लेकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Source : IMD

कहां हुआ तापमान में उतार-चढ़ाव?
वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की बात करें तो कल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों तथा रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस, यानी काफी ऊपर दर्ज किया गया।

कल, उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा केरल और माहे के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।

वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट देखें तो कल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे दर्ज किया गया, वहीं, देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

अधिकतम तापमान में बदलाव की बात करें तो कल, हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं कल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.0 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे रहा।

कल, मराठवाड़ा और लक्षद्वीप के कई इलाकों, झारखंड, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र और कच्छ, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि, देश के शेष हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में रांची (झारखंड) में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, कन्नूर (केरल) में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 19 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान लक्षद्वीप के अधिकांश इलाकों, तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 19 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान लक्षद्वीप के अमिनीदिवि में 3 सेमी तथा मिनिकॉय में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter