उत्तर प्रदेश, राजस्थान व दिल्ली में तेज सतही हवाएं, इन हिस्सों में लू का प्रकोप, यहां बरसेंगे बादल

ओडिशा, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में रात के मौसम के गर्म रहने की आशंका जताई गई है।

By Dayanidhi

On: Friday 03 May 2024
 

देश के तमाम हिस्सों में तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। जहां एक ओर कुछ हिस्सों में पारे में गिरावट दर्ज की जा रही है वहीं, दूसरी ओर देश के कई इलाकों में पारा चढ़ने से झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। कल, ओडिशा और रायलसीमा के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

वहीं कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के की तटीय हिस्सों, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, असम और मेघालय, उत्तरी ओडिशा, पूर्वी बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से सात डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

कल, देश भर में रायलसीमा के नांदयाल में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, पूर्वी झारखंड, उत्तरी ओडिशा और रायलसीमा में आज, यानी तीन मई तक अधिकतम तापमान के 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका जताई गई हैं। हालांकि आज के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है जिससे गर्मी से थोड़ा राहत मिल सकती है।

कहां चलेगी लू या हीटवेव?
मौसम विभाग के मुताबिक, आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के कुछ तटीय हिस्सों और पूर्वी बिहार के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को भीषण लू या हीटवेव का कहर झेलना पड़ सकता है

वहीं आज, पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना तथा आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भी लू के प्रकोप की आशंका जताई गई है।

कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के कई तटवर्ती हिस्सों और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में लोगों को भीषण लू या हीटवेव का सामना करना पड़ा। वहीं कल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में लू का प्रकोप रहा।

वहीं, 15 अप्रैल से ओडिशा में, 17 अप्रैल से पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में, 24 अप्रैल से रायलसीमा में और 26 अप्रैल से बिहार में सामान्य से भीषण लू का दौर जारी है।

कहां रहेगा गर्म और नमी भरा मौसम?
आज, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और नमी भरे मौसम के बने रहने के आसार हैं।

कहां रहेगा रातों का मौसम गर्म
मौसम विभाग की मानें तो आज, यानी तीन मई को ओडिशा, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में रात के मौसम के गर्म रहने की आशंका जताई गई है।

वहीं कल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में लोगो को रात के गर्म मौसम से दो चार होना पड़ा।

कैसा रहेगा उत्तर भारत में मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी स्तरों पर पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में जारी है। इसके कारण तीन से छह मई के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। उत्तर के इन पहाड़ी राज्यों में 5.6 मिमी से 64.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

तीन, पांच और छह मई को उत्तर प्रदेश, दक्षिण राजस्थान और हरियाणा और दिल्ली में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, इसकी वजह से इन हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत में क्या कहता है मौसम?
एक चक्रवाती प्रसार पूर्वोत्तर असम के निचले स्तरों पर लगातार जारी है। वहीं, बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व भारत तक तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का दौर जारी है। मौसम संबंधी इन गतिविधियों के चलते अगले चार से पांच दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के अधिकतर हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा वज्रपात की आशंका जताई गई है। इन हिस्सों में 5.6 मिमी से 64.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

दक्षिण-मध्य तथा अन्य हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम?
तीन से पांच मई के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में बिजली गिरने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है, यहां 5.6 मिमी से 64.4 मिमी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, आज, दक्षिण आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा से सटे पश्चिम बंगाल के तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, दो मई को 8:30 से 5:30 के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, दो मई को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय के हाफलोंग में 3 सेमी, सिलचर और लुमडिंग प्रत्येक जगह 2 सेमी, अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में 1 सेमी, त्रिपुरा के कैलाशहर में 3 सेमी, मणिपुर के इंफाल में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter