राजस्थान, हरियाणा, गुजरात समेत कई हिस्सों में पारा 47 डिग्री, जानें कहां होगी बहुत भारी बारिश

15 मई से गुजरात में, 16 मई से सौराष्ट्र और कच्छ में तथा 17 मई से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लू का दौर जारी है।

By Dayanidhi

On: Wednesday 22 May 2024
 
कल, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों, हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू महसूस की गई।

देश के तमाम हिस्सों में खासकर उत्तर और मध्य भारत में पारे में लगातार इजाफा हो रहा है। जिसके कारण इन हिस्सों में तपिश और गर्म हवाओं का दौर जारी है। पारे में उतार चढ़ाव संबंधी मौसम विभाग का ताजा अपडेट देखें तो कल, राजस्थान के कई इलाकों, हरियाणा, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।

वहीं कल, पंजाब, ओडिशा और आंतरिक महाराष्ट्र के कई इलाकों, पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

कल, पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों, हरियाणा के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

कल, पूरे देश में पश्चिमी राजस्थान के पिलानी में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में बिहार के डेहरी में न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आज, राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण लू या हीटवेव चलने की आशंका जताई गई है। वहीं आज, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी लोगों को लू का कहर झेलना पड़ सकता है।

आज, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, विदर्भ, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में भी लू महसूस हो सकती है।

वहीं कल, पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में लोगों को भीषण लू का प्रकोप झेलना पड़ा। कल, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों, हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, 15 मई से गुजरात में, 16 मई से सौराष्ट्र और कच्छ में तथा 17 मई से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लू का दौर जारी है।

आज, असम, ओडिशा, कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने के आसार हैं। वहीं आज, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में रातों के मौसम के गर्म रहने की आशंका जताई गई है।

कहां पड़ेंगी तेज हवाओं के साथ बौछारें और कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग के मुताबिक, दो चक्रवाती प्रसार लगातार जारी हैं, इनकी वजह से आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग तटीय इलाकों में बिजली गिरने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक की गति से तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।

वहीं आज, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

आज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने तथा तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है।

वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी के साथ वज्रपात होने की आशंका जताई गई है।

कहां होगी भारी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने के आसार हैं, इन हिस्सों में 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, इन राज्यों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बादलों के बरसने के आसार हैं।

आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने की आशंका जताई गई है, यहां, 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

वहीं कल, बिहार और उत्तरी तटीय केरल के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।

मॉनसून ट्रैकर
मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों, मालदीव के कुछ और हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा अंडमान सागर के कुछ और हिस्सों से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक आज, कर्नाटक, केरल और श्रीलंका के तटों, लक्षद्वीप, मालदीव के इलाकों, कोमोरिन के इलाकों, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण और आसपास के मध्य बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

वहीं आज, दक्षिण केरल, श्रीलंका के तटों, कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, सोमालिया तटों पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

आज, सोमालिया तट और उसके आसपास 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 21 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के कई इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तराखंड, बिहार के कुछ हिस्सों, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 21 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान बिहार के पूर्णिया में 8 सेमी, तमिलनाडु के सेलम में 6 सेमी, त्रिअन्नामलाई में 3 सेमी, केरल और माहे के कासरगोड में 7 सेमी, त्रिशूर में 4 सेमी, पेरिंगोलम, कन्नूर, कोल्लम प्रत्येक जगह 3 सेमी, असम और मेघालय के री-भोई में 4 सेमी, बारप्राटा में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter