इन हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, यहां बर्फबारी तथा दक्षिण भारत में जमकर बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

By Dayanidhi

On: Thursday 20 October 2022
 

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर राज्यों के शेष हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी हो सकती है।

एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य-स्तरों पर पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में लगातार सक्रिय है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने आज 20 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल तथा माहे और लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में भारी वर्षा होने के आसार जताए हैं

20 से 22 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है।

वहीं 23 अक्टूबर को ओडिशा के कुछ हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश होने तथा वज्रपात के आसार हैं। 24 अक्टूबर को तटीय ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और त्रिपुरा में भी जमकर बरसेंगे बादल।

20 से 22 अक्टूबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से भारी वर्षा होने की आशंका जताई है।

वहीं अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

आज कहां गिरेगी बिजली तथा कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें
आज मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात होने के आसार हैं

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज अंडमान सागर और इससे सटे दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका हैं।

वहीं आज दक्षिण श्रीलंका तट और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Source : IMD

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल, देश के मैदानी इलाकों में फलोदी (पश्चिम राजस्थान) में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल देश के मैदानी इलाकों में रायसेन (पश्चिम मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 19 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल इसी दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, मध्य महाराष्ट्र, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग तटीय इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश
कल 19 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश
कल 19 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान सलेम में 7 सेमी, वालपराई में 6 सेमी, कार निकोबार में 5 सेमी, मदुरै और लांग आइलैंड्स हर जगह 4 सेमी,  मिनिकॉय आइलैंड्स में 2 सेमी और रायचूर में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी
कल 19 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि की आशंका जताई गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter