इन हिस्सों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, यहां छाएगा कोहरा तथा अंडमान और निकोबार में भारी बारिश

एक नए और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सात दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के मौसम को प्रभावित करने के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Monday 05 December 2022
 

दिसंबर के शुरू होने के साथ ही कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां ऊंचे पहाड़ों पर बर्फ गिरनी शुरू हो गई है, वहीं बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पड़ रहा है। राजस्थान समेत कई राज्यों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। हालांकि दिन में धूप निकल रही है जिसके चलते ठंड से राहत महसूस हो रही है।

लुढ़कते पारे को देखते हुए इसका असर पश्चिम बंगाल में गंगा के कुछ तटीय इलाकों तथा पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों पर भी पड़ रहा है, जहां कल न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट की बात करें तो हरियाणा तथा कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में कल अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं एक नए और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सात दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के मौसम को प्रभावित करने के आसार हैं।

कहां छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी पांच दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

वहीं मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के भूमध्यरेखीय हिंद महासागर-मलक्का पर चक्रवाती प्रसार के प्रभाव की वजह से, दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे इलाकों के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

इसके पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और छह दिसंबर की शाम तक दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक अवसाद या डिप्रेशन में बदलने का अनुमान है।

इसके बाद, इसके पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है। यह धीरे-धीरे एक चक्रवाती तूफान में बदलकर और तेज हो जाएगा और आठ दिसंबर की सुबह उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी और आसपास के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के पास बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तक पहुंच जाएगा।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए आज और कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के अंडमान सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां छाया कोहरा?
कल सुबह के समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा, पंजाब और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा तथा दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य महाराष्ट्र और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी हल्का कोहरा देखा गया।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
कल सुबह के समय बरेली में -50 मीटर, भटिंडा और कैलाशहर हर जगह -200 मीटर, सफदरजंग, लखनऊ, पूर्णिया, नासिक और बापतला हर जगह -500 मीटर दृश्यता दर्ज की गई ।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चुरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में कारवार (तटीय कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल चार दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों, केरल और माहे के कुछ हिस्सों तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल चार दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल: अतिरमपट्टिनम में 5 सेमी, कुड्डालोर में 4 सेमी, तिरुच्चिरापल्ली, कराईकल और तंजावुर प्रत्येक जगह 2 सेमी, कोडाइकनाल में 1 सेमी केरल: कोट्टायम में भी 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी और कहां गिरी बिजली
कल चार दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, लक्षद्वीप और केरल और माहे अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात हुआ तथा बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि की आशंका जताई गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter