दो पश्चिमी विक्षोभ हुए सक्रिय, पश्चिमी हिमालयी इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी व ओलावृष्टि

आज रात से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण, अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है

By Dayanidhi

On: Tuesday 10 January 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों की पछुआ हवाओं में सक्रिय है। वहीं एक और पश्चिमी विक्षोभ के आज रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और 11 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के मौसम को प्रभावित करने के आसार हैं। 

दो पश्चिमी विक्षोभों के एक साथ सक्रिय होने से 10 से 13 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं 11 से 13 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आस-पास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने 11 और 12 जनवरी को जम्मू और कश्मीर तथा 12 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में बिजली गिरने, गरज के साथ भारी बारिश होने तथा ओलावृष्टि और बर्फबारी होने की आशंका जताई है

वहीं आज यानी 10 जनवरी की रात से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण, अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। 

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और बिहार में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने और उसके बाद इसमें कमी आने का अनुमान लगाया है।

वहीं आज उत्तर आंतरिक कर्नाटक, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में लोगों को शीतलहर के कहर का सामना करना पड़ेगा

मौसम विभाग ने कहा कि अगले 2 दिनों के दौरान महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों और भारतीय प्रायद्वीप के उत्तरी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।

वहीं आज यानी 10 जनवरी को बिहार के कुछ इलाकों में लोगों को बहुत घने कोहरे से जूझना पड़ेगा, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में और जम्मू, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में भी लोगों को घने कोहरे से दो चार होना पड़ेगा।

आज उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में भीषण सर्दी पड़ने के आसार हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भी सर्दी का सितम जारी रहेगा।

Source : IMD

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह-सुबह पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में लोगों को बहुत घना कोहरा छाने से परेशानी हुई। वहीं जम्मू, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और त्रिपुरा में अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया।

कहां रही दृश्यता 200 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय बठिंडा और आगरा प्रत्येक जगह दृश्यता 0 मीटर, जम्मू, गंगानगर, चंडीगढ़, अंबाला, पटियाला, बरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर, गोरखपुर और भागलपुर प्रत्येक जगह दृश्यता 25 मीटर, हिसार, दिल्ली-पालम, बहराइच, गया, पूर्णिया और कैलाशहर प्रत्येक जगह दृश्यता 50 मीटर, अमृतसर और सफदरजंग प्रत्येक जगह दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में नारनौल (दक्षिण हरियाणा) में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में मैंगलोर (तटीय कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां चली शीतलहर?
कल, पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों ने भीषण शीतलहर महसूस की। वहीं कल बिहार, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी लोगों ने शीतलहर का सामना किया।

कहां महसूस हुई प्रचंड ठंड?
कल, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड का सितम रहा, वहीं हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ क्षेत्रों, पंजाब और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में प्रचंड सर्दी का कहर रहा।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, नौ जनवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बादल बरसे या बौछारें पड़ी।

Subscribe to our daily hindi newsletter