मौसम अपडेट: उत्तर भारत में शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन, यहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें

अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 14 December 2022
 

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ मध्यम और ऊपरी स्तरों में एक ट्रफ के रूप में जारी है जो समुद्र तल से औसतन 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तराखंड के मौसम में भी बदलाव देखा जा रहा है। सुबह-शाम और रात में शीतलहर का सितम जारी है, वहीं दिन में तेज धूप की वजह से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान है तथा इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है।

वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं कल उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि पूर्व मध्य और आसपास के दक्षिण पूर्व अरब सागर पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब अच्छी तरह से उभर गया है। यह पूर्व मध्य और इससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर पर बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार मध्य स्तरों तक फैला हुआ है। इसके भारत के तट से दूर पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 15 दिसंबर की सुबह तक पूर्वी मध्य अरब सागर में एक डिप्रेशन या अवसाद में बदलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए आज यानी 14 दिसंबर को केरल और माहे तथा लक्षद्वीप में कुछ हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई है

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज पूर्वी मध्य अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र, उत्तरी केरल, कर्नाटक और गोवा तटों से दूर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं दक्षिण पूर्व अरब सागर में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह के समय बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।

कहां छाएगा कोहरा?
अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
आज सुबह, पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर, मालदा, शिलांग प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 13 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा लक्षद्वीप के कई हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, रायलसीमा तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 13 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अगाथी में 5 सेमी, तंजावुर और नानकोव्री प्रत्येक जगह 2 सेमी, तिरुचिरापल्ली और सागर प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, बुलसर (गुजरात) में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter