मौसम अपडेट: उत्तर-पूर्वोत्तर भारत में धुंध, शीतलहर, इन हिस्सों में होगी बारिश और बर्फबारी

अगले 24 घंटों में उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और बाद में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है

By Dayanidhi

On: Thursday 29 December 2022
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों में पच्छमी हवाओं में लगातार सक्रिय है। इसका उत्तर की और बढ़ना जारी है। इसके कारण 29 और 30 दिसंबर को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के मौसम में बदलाव होने का अनुमान है, मौसम विभाग ने कहा है कि इन इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी होगी

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाने तथा पंजाब और बिहार के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं। 30 दिसंबर से लेकर एक जनवरी के दौरान पंजाब में बहुत घना कोहरा छाएगा। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा उत्तरी राजस्थान के भी घने कोहरे में लिपटने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने आज और कल उत्तराखंड, पंजाब, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई है।

आज यानी 29 दिसंबर को पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का कहर जारी रहने की आशंका जताई गई है। वहीं एक और दो जनवरी, 2023 को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का सितम रहेगा।

ठंड के प्रकोप की बात करें तो 31 दिसंबर, एक और दो जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में भीषण ठंड पड़ने की आशंका है। इसी दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में भी हाड़ कपाने वाली ठंड के महसूस होने के आसार हैं।

कल उत्तर भारत के इन राज्यों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई, जिनमें जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में  न्यूनतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे रहा।

देश के अधिकतम तापमान में गिरावट को देखें तो कल बिहार,असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया।

वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कल अधिकतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि काफी कम है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

वहीं अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।

Source : IMD

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह-सुबह असम, बिहार, उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा देखा गया, वहीं पंजाब और मणिपुर के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय गोरखपुर, बहराइच और बरेली प्रत्येक जगह दृश्यता 25 मीटर, उत्तरी लखीमपुर, अगरतला और पूर्णिया प्रत्येक जगह दृश्यता 50 मीटर, गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और लखनऊ प्रत्येक जगह दृश्यता 200 मीटर, अमृतसर में दृश्यता 400 मीटर, इंफाल, भागलपुर, पटना और वाराणसी प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कहां चली शीतलहर?
कल, पंजाब के कई हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर महसूस की गई।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 28 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान लक्षद्वीप के कई हिस्सों, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 28 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान लक्षद्वीप के अगाथी में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में कन्नूर (केरल) में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter