मौसम अपडेट: जाने कहां चलेगी लू, कहां पड़ेंगे ओले, कैसा रहेगा देश के मौसम का हाल

अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड में अलग-अलग जगहों में लू (हीटवेव) चलने के आसार हैं।

By Dayanidhi

On: Thursday 08 April 2021
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार समुद्र स्तर से ऊपर चक्रवाती हवाओं के चलते हवा का दबाव झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के निचले स्तरों पर बना हुआ है। निचले ट्रोफोस्फोरिक स्तरों में बंगाल की खाड़ी से नमी लाने के लिए जाने जानी वाली इन प्रणालियों की वजह से 08 से 12 अप्रैल के दौरान उत्तर पूर्व भारत में गरज के साथ बौछारें और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा का अनुमान है। 08 और 09 अप्रैल को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में वज्रपात या बिजली गिरने का अनुमान है। 09 और 10 अप्रैल, 2021 को अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता 8 अप्रैल की सुबह मध्यम श्रेणी में थी जिसमें सुधार हुआ है।

पूर्वी भारत के आसपास के हिस्से और मध्य भारत में 08 -12 अप्रैल के दौरान गरज के साथ छिटपुट वर्षा होने और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने के आसार हैं। 10 अप्रैल, 2021 को छत्तीसगढ़ में अलग-अलग भागों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।

अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड में अलग-अलग जगहों में लू (हीटवेव) चलने के आसार हैं।

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के 10 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने का अनुमान है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 12 अप्रैल, 2021 के दौरान अलग-अलग जगहों पर बारिश / बर्फबारी और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है।

आज 08: 30 बजे से से कल के 6:30 जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश में अलग-थलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।

Source : IMD

आज यानी 08 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर आंधी के साथ वज्रपात, ओलावृष्टि होने का अनुमान है।

असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने और 50-60 किमी प्रति घंटे तक की गति से हवाएं चलने के आसार हैं। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के चलने की आशंका है।  झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की गति की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। सिक्किम, केरल और माहे,  छत्तीसगढ़, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर बिजली चमकने के आसार हैं।

Subscribe to our daily hindi newsletter