इन राज्यों में गिरा पारा, पंजाब और हरियाणा सहित इन इलाकों में शीतलहर का कहर जारी

पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Friday 17 December 2021
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी और आसपास के मध्य भारत और गुजरात के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट और अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वी भारत और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है।

17 से 22 दिसंबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, सौराष्ट्र और कच्छ में भारी शीतलहर चलने के आसार हैं। 18 से 22 दिसंबर के दौरान उत्तरी राजस्थान में, 19 से 22 दिसंबर के दौरान पश्चिम उत्तर प्रदेश में और 19 और 20 दिसंबर को गुजरात में शीतलहर चलने की आशंका है।

सौराष्ट्र और कच्छ, पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय पाला पड़ने की आशंका है।

पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती प्रसार के रूप में उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू और कश्मीर में समुद्र तल से 3.1 से 7.8 किमी ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से, अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू और कश्मीर लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है।

वहीं अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराइकल, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। 20 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

एक चक्रवाती प्रसार भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के आसपास के मध्य भागों पर बना हुआ है। यह समुद्र तल से औसतन 5.8 किमी तक फैला हुआ है। इसके पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसके प्रभाव के चलते अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं।

मौसम संबंधी उपरोक्त गतिविधि के चलते मौसम विभाग ने कहा है कि 18 से 21 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और 20 और 21 दिसंबर को निकोबार द्वीप समूह में भारी वर्षा होने के आसार हैं।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
कम दबाव के चलते 17 से 20 दिसंबर के दौरान भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

आज सुबह कहां छाया कोहरा
आज सुबह 5:30 के दौरान उत्तर पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा देखा गया, वहीं पंजाब के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मणिपुर, त्रिपुरा और असम के अलग-अलग हिस्सों में हल्के  से मध्यम कोहरा देखा गया।

कहां हुई विजिबिलिटी 500 मीटर या उससे कम
आज 05:30 बजे के दौरान गंगानगर में दृश्यता 25 मीटर, अमृतसर और पटियाला प्रत्येक जगह दृश्यता 50 मीटर रही, सफदरजंग (दिल्ली), चंडीगढ़, अंबाला, हिसार, सुल्तानपुर, पूर्णिया, डिब्रूगढ़, केलाशहर, इंफाल और लुधियाना प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर या उससे कम दर्ज की गई।

Source : IMD

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम
कल सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। कल पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे रहा।  

वहीं कल उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर, ओडिशा और बिहार में कई स्थानों पर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कल, देश के मैदानी इलाकों में नलिया (सौराष्ट्र और कच्छ) में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम
कल हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम काफी नीचे रहा। वहीं कल हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, गुजरात, कोंकण और गोवा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.1 डिग्री सेल्सियस से -5.0 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे दर्ज किया गया।

कल पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा।

कल, कन्नूर (केरल और माहे) में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 16 दिसंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

Subscribe to our daily hindi newsletter