मौसम अपडेट: उत्तर भारत में बारिश-बर्फबारी, पूर्वोत्तर के इन हिस्सों में ओलावृष्टि, वज्रपात के आसार

अगले दो दिनों के दौरान मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और बाद के तीन दिनों के दौरान दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Monday 06 February 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों पर एक गर्त के रूप में सक्रिय है। इसके कारण, आज यानी छह फरवरी को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है

वहीं पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो छह और सात फरवरी को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में बिजली कड़कने और ओलावृष्टि के साथ आंधी चलने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सुबह और शाम के दौरान घना कोहरा छाया रहेगा है। अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है और उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।

वहीं अगले दो दिनों के दौरान मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और बाद के तीन दिनों के दौरान दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।

अगले चार से पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

वहीं देश के न्यूनतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल विदर्भ के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस, काफी नीचे दर्ज किया गया।

कल मराठवाड़ा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, ओडिशा के अलग-अलग इलाकों, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के कुछ तटीय इलाकों तथा पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

अधिकतम तापमान में गिरावट देखें तो कल उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Source : IMD

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह-सुबह, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, वहीं बिहार, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा देखा गया।

कहां रही दृश्यता 200 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में दृश्यता 25 मीटर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दृश्यता 25 मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर तथा सौराष्ट्र और कच्छ के नलिया में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में मलंजखंड (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, रत्नागिरी (कोंकण और गोवा) में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter