मौसम अपडेट: इन हिस्सों में बारिश-वज्रपात, गुजरात के कच्छ में लू चलने के आसार

20 से 23 फरवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश में हल्की से लेकर भारी बारिश होने और पूर्वी असम, नागालैंड, मणिपुर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है

By Dayanidhi

On: Monday 20 February 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों पर पछुआ हवाओं में सक्रिय है। इसकी वजह से 20 और 21 फरवरी, 2023 को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है

वहीं इसी दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बादलों के बरसने तथा हिमपात होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

आज यानी 20 फरवरी, 2023 को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने 20 और 21 फरवरी को पंजाब और 21 फरवरी को उत्तरी हरियाणा में हल्की बारिश होने या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है।

वहीं पूर्वोत्तर भारत के मौसम की बात करें तो, 20 से 23 फरवरी, 2023 के दौरान अरुणाचल प्रदेश में हल्की से लेकर भारी बारिश होने और पूर्वी असम, नागालैंड, मणिपुर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं 22 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की भी आसार हैं।

21 और 22 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम, नागालैंड और मणिपुर के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

कहां होगी तापमान में बढ़ोतरी और कहां चलेगी लू या हीट वेव?
अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और बाद के तीन दिनों के दौरान धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

वहीं अगले 24 घंटों के दौरान कच्छ के अलग-अलग हिस्सों पर लू या हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है

Source : IMD

देश में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की बात करें तो कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया।

वहीं पंजाब और पश्चिम राजस्थान के अधिकांश इलाकों, उत्तराखंड के कई हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस यानी काफी ऊपर रहा।

कल हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस यानी काफी ऊपर दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान में वृद्धि देखें तो कल हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा।

वहीं कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

कल असम और मेघालय, कोंकण और गोवा के अधिकांश हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में हिसार (हरियाणा) में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, राजकोट (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter