मौसम अपडेट: आज तेज हवा के साथ देश के इन इलाकों में होगी भारी बारिश

अगले 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप में भारी बारिश होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 13 October 2021
 
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ और हिस्सों से दक्षिण, पश्चिम मानसून की वापसी होने का अनुमान है।

एक चक्रवाती प्रसार पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर बना हुआ है और यह ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है तथा मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तर तक फैला हुआ है। अगले 2 दिनों के दौरान इसके यहीं बने रहने की संभावना है। निचले और मध्य स्तरों पर एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी के ऊपर चक्रवाती प्रसार से लेकर पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर के चक्रवाती प्रसार तक जाती है।

मौसम संबंधी उपरोक्त बदलावों को देखते हुए मौसम विभाग ने बताया है कि आज 13 अक्टूबर यानी आज दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में अलग-अलग जगहों पर भी मूसलाधार बारिश होगी।

अगले 4 दिनों के दौरान भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में हल्की से भारी वर्षा होने का अनुमान है। इसी दौरान तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं और अगले 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप में भारी बारिश होने का अनुमान है।

एक चक्रवाती प्रसार बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी और मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तर तक फैला हुआ है। इस चक्रवाती प्रसार के प्रभाव की वजह से अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी और इससे सटे इलाकों के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। इसके बाद के 24 घंटों के दौरान पश्चिम, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और दक्षिण ओडिशा से लेकर उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते अगले 5 दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का भी अनुमान है। 15 अक्टूबर से पूर्वी भारत और इससे सटे मध्य भारत में बारिश में तेजी आने के आसार हैं।

आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली, कहां चलेगी तेज हवाएं
आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों, कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

Source : IMD

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
वहीं आज दक्षिण, पूर्व मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और दक्षिण पूर्व अरब सागर के साथ-साथ केरल तट और लक्षद्वीप के इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मछुआरों को चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाएं।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल, 12 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे में अधिकांश स्थानों पर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई स्थानों पर, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, गुजरात, रायलसीमा, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितनी वर्षा दर्ज की गई
कल, 12 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल के त्रिशूर में 4 सेमी, कन्नूर में 2 सेमी, तमिलनाडु के पांडिचेरी, सेलम, वालपराई प्रत्येक जगह 2 सेमी, तटीय कर्नाटक के मंगलौर में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल 12 अक्टूबर को 8:30 के दौरान गुजरात, कोंकण और गोवा, त्रिपुरा, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा चली तथा गरज के साथ बौछारें पड़ी, इन जगहों पर, आज 5:30 बजे के दौरान मौसम की इसी तरह की गतिविधि के आसार हैं।

कल कहां दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान
कल बाड़मेर (पश्चिम राजस्थान) में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कल कहां दर्ज किया गया सबसे कम तापमान
कल, 12 अक्टूबर को देश के मैदानी इलाकों में मंडला (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Subscribe to our daily hindi newsletter