देश के अधिकतर इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क, दक्षिण में बारिश

आज केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा व्रजपात के आसार हैं

By Dayanidhi

On: Wednesday 18 October 2023
 

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और निकटवर्ती लक्षद्वीप के इलाकों पर चक्रवाती प्रसार के कारण, दक्षिण-पूर्व और निकटवर्ती पूर्व मध्य अरब सागर में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है

कम दबाव व चक्रवाती प्रसार को देखते हुए आज, 18 अक्टूबर को केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा व्रजपात के आसार हैं

वहीं आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

कैसा रहेगा उत्तर पश्चिम भारत में मौसम का हाल?
पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत में नमी आने से, उत्तर भारत के राज्यों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। दिल्ली समेत तमाम राज्यों में बूंदाबांदी और गरज के साथ बारिश के चलते तापमान में कमी दर्ज की गई है। लोगों को अब सुबह और शाम ठंड का एहसास होने लगा है।

मौसम विभाग की मानें तो आज, यानी 18 अक्टूबर से उत्तर पश्चिम भारत के ज्यादातर इलाकों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, मॉनसून की विदाई की बात करें तो, पूर्वी भारत से पूरी तरह मॉनसून की वापसी हो चुकी है।

वहीं इस माह हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नारकंडा और खड़ा पत्थर में पहली बार हिमपात होने की जानकारी है। वहीं शिमला, सिरमौर, मंडी, चंबा, कुल्लू और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से पांच डिग्री नीचे लुढ़क गया है।

स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक, लाहौल स्पीति जिले के केलांग में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि किन्नौर जिले के कल्पा में यह 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली, में तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज दक्षिण-पूर्व और आसपास के पूर्वी मध्य अरब सागर, केरल तट के साथ-साथ, लक्षद्वीप-मालदीव क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व तमिलनाडु तट में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी हवाओं की गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

Source : IMD

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 17 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड तथा केरल और माहे के अधिकतर इलाकों, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में झूम कर बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, मध्य महाराष्ट्र, लक्षद्वीप, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 17 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान जम्मू और कश्मीर के रियासी में 4 सेमी, केरल और माहे के त्रिशूर, पलक्कड़ प्रत्येक जगह 4 सेमी, एर्नाकुलम में 3 सेमी, मध्य महाराष्ट्र के वाशिम में 3 सेमी, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, अजमेर (पूर्वी राजस्थान) में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में रिज (दिल्ली) में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter