पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, जम्मू-कश्मीर-उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश तथा बर्फबारी

नौ नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों तथा नौ और 10 नवंबर को उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है

By Dayanidhi

On: Wednesday 09 November 2022
 

मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज यानी नौ नवंबर से सक्रिय हो गया है। इसके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की आशंका बनी हुई है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण नौ और 10 नवंबर को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा बर्फबारी होने का अनुमान लगाया गया है।

वहीं आज नौ नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों तथा नौ और 10 नवंबर को उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

एक चक्रवाती प्रसार दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बना हुआ है और यह समुद्र तल से औसतन 4.5 किमी तक फैला हुआ है।

इसके असर से अगले 24 घंटों के दौरान उसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। इसके नौ से 11 नवंबर के दौरान उत्तर-पश्चिम की ओर तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने 10 से 13 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई है।

11 और 12 नवंबर को रायलसीमा और दक्षिण आंध्र प्रदेश, 11 से 13 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं। 11 और 12 नवंबर को रायलसीमा और दक्षिण आंध्र प्रदेश तथा 13 नवंबर को केरल में भी जमकर बरसेंगे बादल तथा गिरेगी बिजली।

आज कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां होगा वज्रपात
आज यानी नौ नवंबर को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात होने की आशंका है

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज कोमोरिन क्षेत्र से सटे मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका और दक्षिण तमिलनाडु के तटों के साथ-साथ बंगाल की दक्षिण खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों में भी 40 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने का सुझाव दिया है।

Source : IMD

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम
कल, देश के मैदानी इलाकों में मंडला (पूर्वी मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कल, देश भर में बुलसर (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें
कल आठ नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे के कुछ हिस्सों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई 1 सेमी या उससे अधिक बारिश
कल आठ नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान कराईकल में 3 सेमी और लांग आइलैंड्स में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां चली आंधी और कहां गिरी बिजली
कल आठ नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान पश्चिम राजस्थान, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरी तथा बौछारों के साथ आंधी चली। आज 5:30 बजे के दौरान भी मौसम की इसी तरह की गतिविधि की आशंका जताई गई है।

Subscribe to our daily hindi newsletter