पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, हिमालयी इलाकों में बदलेगा मौसम, जानें पूरे देश के मौसम का हाल

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में तेज हवाओं के साथ बारिश तथा वज्रपात की आशंका जताई गई है।

By Dayanidhi

On: Saturday 18 November 2023
 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, एक ताजा और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो गया है। इसके कारण पश्चिमी हिमालयी इलाकों का मौसम बदल सकता है। वहीं पहले ही उत्तर भारत के तमाम राज्यों में सर्दी बढ़ने लगी है, रात को पारे में कमी देखी जा रही है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान देखें तो उत्तराखंड में अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से पांच डिग्री ऊपर दर्ज किया जा रहा है। सुबह-सुबह कोहरा भी नजर आने लगा है। उत्तराखंड में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है। ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में पारा लुढ़क रहा है।   

वहीं पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के अधिकतर हिस्सों तथा उत्तर और उत्तर-पूर्व राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तापमान गिर रहा है। राजधानी तथा एनसीआर के इलाकों में धुंध और कोहरा देखा जा सकता है, वहीं हवा की गुणवत्ता भी खराब बनी हुई है। देश की राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान के 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

चक्रवाती तूफान "मिधिली" के कारण, चक्रवाती तूफान "मिधिली" के असर के कारण, आज यानी 18 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, पूर्वी असम और पूर्वी अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं आज यानी, 18 नवंबर को 'मिधिली' तूफान के चलते त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और दक्षिण असम में 30 से 40 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

आज 18 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने के आसार जताए हैं। इन राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश तथा वज्रपात की आशंका जताई गई है

Source : IMD

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूर्वोत्तर और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के आसपास 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं में और इजाफा होकर 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

वहीं, उत्तर और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ उत्तरी ओडिशा की तटों के ऊपर 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां-कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां-कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के कई तटीय इलाकों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तथा राजस्थान के कुछ हिस्सों, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में सीकर (पूर्वी राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, बुलसर (गुजरात) में अधिक तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल,17 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के कई तटीय इलाकों तथा केरल और माहे के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और तमिलनाडु, पुडुचेरी तथा कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश?
कल,17 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और तमिलनाडु में भारी दर्ज की गई।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल,17 नवंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल के पथानामथिट्टा जिले के एनादिमंगलम एडब्ल्यूएस में 10 सेमी, कोन्नी में 9 सेमी, तमिलनाडु के नालुमुक्कु में 10, ऊथु, कन्नड़ियन एनीकट प्रत्येक जगह 9 सेमी, कक्काची में 8 सेमी, मंजोलाई में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter