आखिरकार पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, पश्चिमी हिमालयी इलाकों में होगी बारिश और बर्फबारी

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी राजस्थान में शीतलहर, वहीं आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण सर्दी पड़ने की आशंका जताई गई है।

By Dayanidhi

On: Wednesday 28 December 2022
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक निचले स्तरों पर हल्की हवाएं चल रही हैं, इनके नमी से भरे होने के कारण अगले चार से पांच दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों तथा अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में घने कोहरे छाने के आसार हैं। अगले 2 दिनों के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा।

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण सर्दी पड़ने की आशंका जताई गई है।

उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में कल आई गिरावट को देखें तो राजस्थान और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे दर्ज किया गया। वहीं जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

देश के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान की बात करें तो कल हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। पंजाब के अलग-अलग हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से से -5.1 डिग्री सेल्सियस काफी नीचे रहा।

वहीं कल असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कल उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, पश्चिम मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों, पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।   

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान है।

वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों में पच्छमी हवाओं में सक्रिय है तथा उत्तर की और बढ़ रहा है। इसके असर से 29 और 30 दिसंबर को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है

दक्षिण भारत के मौसम को देखें तो आज केरल और माहे तथा लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

Source : IMD

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह के समय पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया, उत्तराखंड, बिहार, ओडिशा और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा देखा गया। वहीं पश्चिम राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, असम और मेघालय, मणिपुर के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया।

कहां रही दृश्यता 500 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय बठिंडा में दृश्यता 0 मीटर, अमृतसर और बरेली हर जगह दृश्यता 25 मीटर, देहरादून, पूर्णिया और अगरतला हर जगह दृश्यता 50 मीटर, पटियाला, अंबाला और बहराइच हर जगह दृश्यता 200 मीटर, गंगानगर, चंडीगढ़, दिल्ली (पालम), लखनऊ, गया, कोलकाता, उत्तरी लखीमपुर और इम्फाल हर जगह दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में चूरू (पश्चिम राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, देश भर में मैंगलोर (तटीय कर्नाटक) में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां चली शीतलहर?
कल, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण शीतलहर का प्रकोप रहा, वहीं हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भी शीतलहर का कहर जारी रहा।

कहां महसूस हुई भीषण ठंड?
कल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हाड़ कपाने वाली सर्दी पड़ी, वहीं पंजाब और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में भी ठंड महसूस की गई।

Subscribe to our daily hindi newsletter