पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बदलेगा मौसम का मिजाज

10 फरवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है

By Dayanidhi

On: Wednesday 08 February 2023
 
फोटो साभार : विकिमीडिया कॉमन्स

मौसम विभाग के मुताबिक आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जो पश्चिमी हिमालयी इलाकों के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसकी वजह से आज यानी आठ फरवरी को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।

वहीं नौ फरवरी, 2023 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बिजली गिरने तथा गरज के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। कल कश्मीर घाटी के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और हिमपात होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने नौ और 10 फरवरी को उत्तरी पंजाब में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। वहीं आज और कल उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा आज असम के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग की मानें तो 10 फरवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने और उसके बाद 12 फरवरी तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

नौ फरवरी तक मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कहा है कि, अगले चार से पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

वहीं देश के न्यूनतम तापमान में गिरावट की बात करें तो कल विदर्भ, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान में गिरावट देखें तो कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय तथा अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

Source : IMD

कहां छाया कोहरा?
आज सुबह-सुबह, बिहार और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा देखा गया।

कहां रही दृश्यता 200 मीटर या उससे कम?
आज सुबह के समय, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर और त्रिपुरा के कैलाशहर में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

कल कहां हुई बारिश-बर्फबारी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, सात फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम,असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों पर बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, सात फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान पासीघाट में 2 सेमी और नन्कोव्री में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में अमृतसर (पंजाब) में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल पलक्कड़ (केरल और माहे) में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Subscribe to our daily hindi newsletter